पूर्वी चंपारण में किसान और सफाईकर्मी पर जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश की आशंका में तीन हिरासत में
Farmer Attack Bihar: पूर्वी चंपारण के खोदादपुर गांव में नकाबपोश बदमाशों ने एक किसान और महिला सफाईकर्मी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल क ...और पढ़ें

घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस।
संवाद सहयोगी, मधुबन (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Crime News: पूर्वी चंपारण के गड़हिया थाना क्षेत्र के खोदादपुर गांव में शुक्रवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने एक किसान और महिला सफाईकर्मी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
किसान और महिला सफाईकर्मी पर हमला
घायलों की पहचान खोदादपुर गांव निवासी किसान उमेश नंदन सिंह (63) और महिला सफाईकर्मी शिवकली देवी (60) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:55 बजे उमेश नंदन सिंह अपने घर के पीछे बने शौचालय की सफाई कर रहे थे।
इसी दौरान एक नकाबपोश व्यक्ति वहां पहुंचा और उनसे उनका नाम पूछने लगा। पहचान होते ही उसने धारदार हथियार से गर्दन, सीने, निजी अंग सहित शरीर के कई हिस्सों पर लगातार वार कर दिए।
उन्हें बचाने पहुंचीं महिला सफाईकर्मी शिवकली देवी पर भी हमलावर ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल उमेश नंदन सिंह का इलाज मुजफ्फरपुर के मां जानकी अस्पताल में चल रहा है, जबकि शिवकली देवी को चकिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पांच बदमाशों के शामिल होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात में कुल पांच बदमाश शामिल थे। इनमें एक ने हमला किया, जबकि चार अन्य मुख्य दरवाजे के पास खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर पूर्व दिशा की ओर फरार हो गए।
तीन हिरासत में, पुराने विवाद की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन, गड़हिया थानाध्यक्ष आदित्य कुमार और मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कोइलहरा गांव से शंभू भगत समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खबरें और भी
प्रारंभिक जांच में पुलिस पुराने विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है। उमेश नंदन सिंह राजकीय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, खोदादपुर की प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्य हैं।
हिरासत में लिया गया शंभू भगत इसी विद्यालय में रसोइया है। उसका पुत्र विद्यालय में रात्रि प्रहरी के पद पर कार्यरत था, जिसे हाल ही में प्रबंध कार्यकारिणी समिति के निर्णय के बाद हटा दिया गया था। पुलिस इस विवाद और हमले के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है।
पुलिस का दावा, जल्द होगा खुलासा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन ने बताया कि घटना में शामिल सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।