पूर्वी चंपारण के युवाओं ने रचा इतिहास, विशाल आयकर अधिकारी तो शशिकांत प्रोफेसर बने
Bihar Youth Success: पूर्वी चंपारण के विशाल कुमार आयकर विभाग में सुपरिटेंडेंट बने, वहीं शशिकांत कुमार पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक नि ...और पढ़ें

विशाल कुमार और शशिकांत कुमार। फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, बनकटवा (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Success Story: कहा जाता है कि अगर संकल्प मजबूत हो तो संसाधनों की कमी कभी आड़े नहीं आती। इस बात को सच कर दिखाया है पूर्वी चंपारण के बनकटवा और घोड़ासहन प्रखंड के दो होनहार युवाओं ने।
अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर विशाल कुमार और शशिकांत कुमार ने राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
आयकर विभाग में बने सुपरिटेंडेंट
घोड़ासहन के आदर्शनगर निवासी सुरेंद्र प्रसाद और उर्मिला देवी के पुत्र विशाल कुमार ने एसएससी सीजीएल (SSC CGL) परीक्षा में परचम लहराया है। उनका चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर हुआ है।
विशाल अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और अपने बड़े भाइयों दीपक कुमार व अमर कुमार के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग को देते हैं।
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में बने प्रोफेसर
दूसरी ओर बनकटवा गांव निवासी शिक्षक बिपिन बिहारी प्रसाद और रंजू देवी के पुत्र शशिकांत कुमार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सफलता पाई है।
बिहार स्टेट यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन द्वारा आयोजित परीक्षा पास कर वे पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) बने हैं। शशिकांत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और शिक्षकों को दिया है।
आईएएस बनने का है लक्ष्य
खास बात यह है कि दोनों ही प्रतिभावान युवाओं ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा घोड़ासहन के इंडियन पब्लिक हाई स्कूल और कैरियर जोन एकेडमी से प्राप्त की। इसके बाद उच्च शिक्षा और दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। दोनों का अगला और मुख्य लक्ष्य यूपीएससी पास कर आईएएस अधिकारी बनना है, ताकि वे देश की सेवा कर सकें।
दोनों युवाओं की इस दोहरी सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इंडियन पब्लिक हाई स्कूल के प्राचार्य राजीव कुमार श्रीवास्तव और निदेशक मयंक त्रिपाठी ने दोनों होनहारों को बधाई दी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों युवा आगे चलकर आईएएस बनने के अपने सपने को भी जरूर साकार करेंगे और समाज का नाम रोशन करेंगे।