विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में केसरिया नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद व भाजपा नेता के छह ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

Published: Tue, 27 Oct 2026 12:28 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के केसरिया में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने पूर्व मुख्य पार्षद व भाजपा नेता रजनीश कुमार पाठक उर्फ ...और पढ़ें

रिंकू पाठक की गैस एजेंसी पर ईओयू की टीम।

रिंकू पाठक की गैस एजेंसी पर ईओयू की टीम।

HighLights

  1. पूर्व मुख्य पार्षद रिंकू पाठक के छह ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी।

  2. आय से अधिक 3.56 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा।

  3. भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई, जांच जारी।

संवाद सहयोगी, केसरिया (पूर्वी चंपारण)। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना की टीम ने मंगलवार को केसरिया नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद सह भाजपा नेता रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

रजनीश पाठक वर्तमान में स्वयं वार्ड पार्षद हैं। मुख्य पार्षद किरण देवी के पति हैं। छापेमारी का नेतृत्व ईओयू के एएसपी परमेंदर भारती कर रहे थे।

छापेमारी दल में चार डीएसपी समेत कुल 32 सदस्यीय पदाधिकारियों की टीम शामिल रही। उनमें डीएसपी सीपी यादव, डीएसपी संजय कुमार और डीएसपी सुरेश प्रसाद सहित आदि शामिल हैं।

आर्थिक अपराध इकाई के सूत्रों के अनुसार रजनीश कुमार पाठक और उनकी पत्नी किरण देवी के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 29/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। ईओयू की प्रारंभिक जांच में दंपती की ज्ञात आय के मुकाबले लगभग तीन करोड़ 56 लाख 65 हजार 118 रुपये की अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। यह राशि ज्ञात आय से करीब 124.81 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) के तहत कार्रवाई की जा रही है। तलाशी के लिए पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय से वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद ईओयू की अलग-अलग टीमों ने रिंकू के सभी संबंधित ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।

केसरिया से पटना तक कई ठिकानों पर तलाशी

जानकारी के अनुसार ईओयू की टीम केसरिया बाजार स्थित पेट्रोल पंप के समीप रजनीश कुमार पाठक के निजी आवास पर पहुंची। इसके अलावा उनके युवराज गैस एजेंसी के कार्यालय, गोदाम तथा केसरिया नगर पंचायत भवन स्थित मुख्य पार्षद कार्यालय में भी जांच की गई।

पटना के दानापुर स्थित बालाजी नगर के पार्क वेस्ट अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या बी-101 समेत अन्य संबंधित ठिकानों पर भी तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी के दौरान ईओयू के अधिकारी संबंधित परिसरों में उपलब्ध दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच शाम तक करते रहे। हालांकि, तलाशी के दौरान क्या मिला, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

तलाशी में मिले दस्तावेज व साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच

बताया गया है कि ईओयू की टीम मंगलवार को सुबह से देर शाम तक जांच में जुटी रही। कार्रवाई में शामिल अधिकारिक सूत्रों के अनुसार तलाशी में मिले दस्तावेजों, संपत्ति से संबंधित साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में ईओयू की कार्रवाई के बाद केसरिया नगर पंचायत के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

आर्थिक अपराध इकाई की टीम विभिन्न ठिकानों पर तलाशी लेकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। छापेमारी टीम ने स्थानीय स्तर पर विस्तार से जानकारी देने से परहेज किया। बताया गया कि विस्तृत जानकारी पटना कार्यालय से दी जाएगी।

विरोधियों की साजिश, दो लाख कैश व जमीन के कागजात ले गई टीम

छापेमारी की बाबत रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक ने बताया कि विरोधियों कि साजिश है। छापेमारी में आए पदाधिकारी मेरे यहां से कैश दो लाख रुपये व कुछ जमीन के कागजात लेकर गए हैं। रुपये गैस गोदाम के थे। जांच में सब सच सामने आ जाएगा।

यह भी पढ़ें- मोतिहारी में जाली नोट तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, सेमरा से बड़ी खेप बरामद; एक संदिग्ध हिरासत में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।