पूर्वी चंपारण में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, पूर्व सैनिक गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण में नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोप में पूर्व सैनिक शिवेंद्र कुमार भूषण को गिरफ्तार किया गया है। उसने युवाओं को सेना और बिहार ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पुलिस गिरफ्त में आरोपित। जागरण
संवाद सहयोगी, तुरकौलिया (पूर्वी चंपारण) । नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ एवं जिला आसूचना इकाई ने रघुनाथपुर वार्ड 28 में कार्रवाई करते हुए पूर्व सैनिक शिवेंद्र कुमार भूषण को गिरफ्तार किया है।
साथ ही उसकी निशानदेही पर उसके घर के दरवाजे के पास से एक पिठू बैग को बरामद किया। बैग की तालाशी में कमलेश कुमार, पवन कुमार एवं लक्षमण कुमार के मैट्रिक एवं इंटर का मूल प्रमाण पत्र एवं अन्य कागजात बरामद किया गया।
बता दें कि पीड़ित युवक कमलेश कुमार, पिता कुंज बिहारी साह, ग्राम पनिया पचपकड़ी, थाना ढाका के निवासी हैं। वर्तमान में वह रघुनाथपुर वार्ड नंबर 28 में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा और आर्मी तथा बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी करता है।
कमलेश कुमार ने बताया कि तैयारी के दौरान गांधी मैदान मोतिहारी में उनकी मुलाकात अपने साथी पवन कुमार, करारिया, थाना पहाड़पुर निवासी के माध्यम से शिवेंद्र भूषण से हुई।
शिवेंद्र भूषण, पिता वेद प्रकाश, रघुनाथपुर वार्ड नंबर 28 के निवासी हैं और खुद को रिटायर्ड आर्मी जवान बताते हैं। आरोप है कि शिवेंद्र भूषण ने युवकों को भरोसा दिलाया कि वे आर्मी और बिहार पुलिस में नौकरी लगवा देंगे।
खबरें और भी
इसके लिए प्रत्येक अभ्यर्थी से तीन-तीन लाख रुपये और मैट्रिक-इंटर का मूल प्रमाण पत्र लिया गया। बेरोजगारी और नौकरी पाने की उम्मीद में युवकों ने पैसे दे दिए। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी किसी का चयन नहीं हुआ।
जब युवकों ने रिजल्ट नहीं आने पर अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी द्वारा टालमटोल और आनाकानी की जाने लगी। पीड़ितों का आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की गई है। रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि रिटायर्ड सैनिक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।