गोरखपुर रूट पर ब्लॉक से मोतिहारी-बेतिया की कई ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक, जननायक एक्सप्रेस का बदला रूट
गोरखपुर कैंट-उनौला स्टेशनों के बीच दोहरीकरण के बाद एनआई कार्य के कारण 30 अगस्त से 04 सितंबर तक कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।

गोरखपुर रूट पर ब्लॉक से मोतिहारी-बेतिया की कई ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक, जननायक एक्सप्रेस का बदला रूट
HighLights
गोरखपुर कैंट-उनौला दोहरीकरण के कारण ट्रेन परिचालन में बदलाव।
सप्तक्रांति, अवध, सत्याग्रह एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित।
जननायक एक्सप्रेस मोतिहारी-बेतिया रूट से परिवर्तित मार्ग पर चलेगी।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी। गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर स्थित गोरखपुर कैंट-उनौला स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण के बाद एनआई कार्य के चलते ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है।
03 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त के प्रस्तावित निरीक्षण के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल ने 30 अगस्त से 04 सितंबर तक कई प्रमुख सवारी गाड़ियों को रद, री-शेड्यूल और मार्ग परिवर्तित करने का निर्णय लिया है।
इस बदलाव का सीधा असर बापूधाम मोतिहारी और चंपारण रूट से गुजरने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों पर भी पड़ेगा।
चंपारण-मोतिहारी रूट की प्रमुख ट्रेनों के समय में फेरबदल
मुजफ्फरपुर से खुलकर बापूधाम मोतिहारी, सुगौली व बेतिया होते हुए जाने वाली 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस 03 सितंबर को मुजफ्फरपुर से 240 मिनट (4 घंटे) की देरी से री-शेड्यूल होकर चलेगी।
इसी प्रकार इस रूट की लाइफलाइन मानी जाने वाली 19038 बरौनी-बान्द्रा टर्मिनल अवध एक्सप्रेस 03 सितंबर को बरौनी से 300 मिनट (5 घंटे) और बान्द्रा से 31 अगस्त को चलने वाली 19037 अवध एक्सप्रेस 120 मिनट (2 घंटे) री-शेड्यूल रहेगी।
वहीं, आनंद विहार टर्मिनल से 31 अगस्त को चलने वाली 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस 60 मिनट की देरी से रवाना होगी तथा 31 अगस्त व 04 सितंबर को रास्ते में 60 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त, 15705 कटिहार-दिल्ली चम्पारण हमसफर एक्सप्रेस 03 सितंबर को 75 मिनट और 55040 बढ़नी-नरकटियागंज सवारी गाड़ी 30 अगस्त से 03 सितंबर तक प्रतिदिन 240 मिनट री-शेड्यूल होकर चलेगी।
जननायक एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी, मोतिहारी-बेतिया में नहीं होगा ठहराव
अमृतसर से 01 एवं 02 सितंबर को चलने वाली 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस अपने नियमित रूट के बजाय परिवर्तित मार्ग रोज़ा-लखनऊ-अयोध्या कैंट-वाराणसी-छपरा ग्रामीण-मुजफ्फरपुर के रास्ते चलाई जाएगी।
मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन 01 एवं 02 सितंबर को बापूधाम मोतिहारी, चकिया, पिपरा, मेहसी, सुगौली, बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज, हरिनगर व बगहा स्टेशन होकर नही जाएगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
