Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण में शादी के चार महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, दहेज हत्या का आरोप

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 07:51 PM (IST)

    पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में शादी के चार महीने बाद एक विवाहिता कविता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक् ...और पढ़ें

    मायके वालों ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रतीकात्मक फोटो

    मायके वालों ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. हरसिद्धि में शादी के चार महीने बाद विवाहिता की मौत।

    2. मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।

    3. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की, ससुराल वाले फरार।

    संवाद सहयोगी, हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Dowry Death: पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में शादी के महज चार महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

    घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। मायके वालों ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

    मृतका की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मुरारपुर पंचायत अंतर्गत बघउत गांव निवासी रणधीर कुमार की 22 वर्षीय पत्नी कविता कुमारी के रूप में हुई है।

    उसकी शादी करीब चार माह पहले पीपराकोठी थाना क्षेत्र के बलथरवा गांव निवासी सुरेंद्र राय की पुत्री के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।

    मृतका के पिता सुरेंद्र राय ने आरोप लगाया कि शादी के समय करीब 10 लाख रुपये उपहार स्वरूप दिए गए थे। उनके अनुसार, उसी राशि से दामाद ने एक निजी स्कूल खोला।

    इसके बाद स्कूल के विस्तार के नाम पर अतिरिक्त रुपये की मांग की जाने लगी और मांग पूरी नहीं होने पर कविता को प्रताड़ित किया जाता था।

    स्वजन का कहना है कि शुक्रवार सुबह कविता ने फोन कर पिता को बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने पर जब परिवार के लोग बघउत गांव पहुंचे तो कविता का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला। उस समय ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर से फरार थे।

    घटना की सूचना पर हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया और वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच शुरू कर दी है।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) रवि कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जांच का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

    पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दहेज प्रताड़ना के आरोप सामने आए हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।