पूर्वी चंपारण के कोटवा कॉलेज में परीक्षा देने आए छात्र की चाकू मारकर हत्या, रील्स विवाद में वारदात
College Campus Killing: पूर्वी चंपारण के कोटवा स्थित एक कॉलेज परिसर में परीक्षा देने आए छात्र रितेश कुमार यादव की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक ...और पढ़ें

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, कोटवा (पूर्वी चंपारण)। Kotwa Student Murder: जिले के कोटवा स्थित असर्फी कुंवर रामरतन राय महाविद्यालय परिसर में सोमवार को दिन-दहाड़े एक छात्र की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। छात्र स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा देने कॉलेज पहुंचा था। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कॉलेज परिसर में चाकू से हमला
मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा निवासी विद्यानंद राय के पुत्र रितेश कुमार यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि रितेश परीक्षा देने कॉलेज आया था। इसी दौरान हमलावरों ने उसे घेर लिया और लगातार कई बार चाकू से हमला किया।
हमले के बाद रितेश कॉलेज परिसर में ही गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे कोटवा पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मदद को नहीं आया कोई
घटना के दौरान कॉलेज परिसर में मौजूद सैकड़ों लोग तमाशबीन बने रहे। कई लोग घटना का वीडियो बनाते रहे, लेकिन छात्र को बचाने की कोशिश नहीं की गई। आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से भी छात्र को बचाने के लिए कोई पहल नहीं की गई।
आठ-दस युवक पहुंचे थे
स्थानीय लोगों और मृतक के साथियों के अनुसार हमलावर आठ से दस की संख्या में कॉलेज पहुंचे थे। आरोपितों के पास हथियार भी थे।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया रील्स बनाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित सरोज यादव मृतक का ग्रामीण है।
फाइनेंस कंपनी में भी काम करता था
बताया गया कि रितेश एक वाहन फाइनेंस कंपनी के लिए भी काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया।
खबरें और भी
पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर सदर-2 के एसडीपीओ जितेश पांडेय मौके पर पहुंचे। कोटवा, पीपराकोठी, भोपतपुर और कल्याणपुर थाना की पुलिस के साथ एफएसएल टीम ने भी जांच की।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है।
आरोपितों की गिरफ्तारी को छापे
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि रील्स बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है।पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।