पूर्वी चंपारण के मधुबन गैंगरेप कांड में एसपी का सख्त निर्देश, सात दिन में पूरी करें जांच की प्रक्रिया
पुलिस ने मधुबन गैंगरेप मामले में जांच तेज कर दी है और सात दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने का ...और पढ़ें

घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात व अन्य। सौजन्य -मोतिहारी पुलिस
HighLights
पुलिस ने मधुबन गैंगरेप मामले की जांच तेज की।
आरोपियों के खिलाफ सात दिनों में आरोपपत्र दाखिल होगा।
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
संवाद सहयोगी, मधुबन (पूर्वी चंपारण)। मेला देखकर घर लौट रहे दंपति के साथ हुई दरिंदगी के मामले में आरोपितों को जल्द सजा दिलाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
अनुसंधान में देरी न हो और न्यायिक प्रक्रिया जल्द आगे बढ़े, इसके लिए पुलिस ने सात दिनों के भीतर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल करने का लक्ष्य तय किया है।
बुधवार को एसपी स्वर्ण प्रभात ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साक्ष्य संकलन से लेकर रिपोर्ट प्राप्त करने तक की प्रक्रिया समयसीमा में पूरी करने का निर्देश दिया।
सात दिनों में आरोपपत्र दाखिल करने का निर्देश
एसपी ने मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय और कांड के अनुसंधानकर्ता को सात दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी पूरी करने को कहा। पुलिस का उद्देश्य आरोपितों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए मामले को जल्द न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना है।
मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट पर जोर
एसपी ने पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट जल्द प्राप्त करने तथा घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों की फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी यानी एफएसएल से जांच कराकर रिपोर्ट हासिल करने का निर्देश दिया। घटनास्थल से महिला का दुपट्टा समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। आरोपितों का स्पर्म टेस्ट भी कराया जा चुका है। पुलिस इन साक्ष्यों और रिपोर्ट के आधार पर अनुसंधान पूरा करने में जुटी है।
मेला देखकर लौट रहे दंपति को बनाया था निशाना
घटना 17 अक्टूबर की रात की है। बाइक से मेला देखकर घर लौट रहे दंपति को भटहां मोड़ के पास बदमाशों ने कथित तौर पर अगवा कर लिया था। आरोप है कि मारपीट के बाद पति को बंधक बनाकर महिला को मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया के समीप आम के बगीचे में ले जाया गया, जहां आठ बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद बदमाश दंपति से रुपये छीनकर फरार हो गए थे।
आठ आरोपित गिरफ्तार, अब साक्ष्यों पर फोकस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी में है। इसके बाद न्यायालय में मामले की त्वरित सुनवाई का रास्ता साफ हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।