विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा की मौत के बाद छात्रों का बवाल, एसपी ने गठित की एसआईटी

Published: Fri, 22 May 2026 11:21 AM (IST)

मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की छात्रा रिमी कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद छात्रों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर छात्रों की भीड़। फोटो: जागरण

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर छात्रों की भीड़। फोटो: जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की छात्रा रिमी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद गुरुवार की देर रात कॉलेज परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

घटना से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने कैंपस में जमकर हंगामा और नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्र रिमी की मौत के असली कारणों का खुलासा करने और मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।

आधी रात को बढ़ते बवाल की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना में तैनात प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

एसपी ने किया एसआईटी का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने त्वरित एक्शन लिया है। घटना की बारीकी से जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया है।

इस एसआईटी का नेतृत्व सदर-टू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जितेश कुमार पांडेय को सौंपा गया है। एसपी ने मुफस्सिल थाना पुलिस को निर्देश दिया है कि पीड़ित पिता के आवेदन के आधार पर तुरंत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए और उसमें लगाए गए सभी आरोपों की गहराई से जांच हो।

सेलफोन से मिले अहम सुराग

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मृतका के सेलफोन की शुरुआती जांच में कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर पुलिस की तफ्तीश आगे बढ़ रही है। इस मामले में कॉलेज के अन्य छात्र-छात्राओं के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।

इसी बीच कॉलेज और प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि साक्ष्यों को छिपाने के लिए छात्रा के मोबाइल फोन के साथ छेड़छाड़ की गई है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और हर बिंदु को खंगाला जा रहा है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक छात्रा रिमी कुमारी मुजफ्फरपुर के लक्ष्मी चौक निवासी प्रदीप कुमार की पुत्री थी। वह मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांच (सत्र 2023-27) की छात्रा थी। बुधवार को वह हॉस्टल से बेतिया में पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा देने गई थी।

परीक्षा देकर लौटने के बाद वह बिल्कुल सामान्य थी और रात दस बजे उसने अपने परिजनों से फोन पर बात भी की थी। इसके बाद गुरुवार की दोपहर दो बजे अचानक हॉस्टल के कमरे से उसका शव बरामद हुआ।

मोतिहारी पहुंचे बेबस पिता ने रोते हुए कहा कि उनकी बेटी किसी भी तरह के मानसिक तनाव या दबाव में नहीं थी, उसकी सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है।

छात्रा के गले पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया है। पुलिस घटना की जांच विभिन्न पहलुओं को केंद्र में रखकर कर रही है। जांच में दोषी चाहे जो हो, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-

स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।