मोतिहारी में 'मेड इन पाकिस्तान' लिखी चादर की बिक्री पर दो यूपी निवासी हिरासत में, एटीएस जांच में जुटी
मोतिहारी में 'मेड इन पाकिस्तान' लिखी चादर की बिक्री के मामले में उत्तर प्रदेश के दो लोगों को हिरासत में ...और पढ़ें

हिरासत में लिए गए संदिग्धों के साथ पुलिस का जवान।
HighLights
मोतिहारी में 'मेड इन पाकिस्तान' लिखी चादर मिली।
उत्तर प्रदेश के दो लोग हिरासत में लिए गए।
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) कर रहा जांच।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari ATS Investigation: मोतिहारी शहर के रघुनाथपुर में ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखी चादर की बिक्री का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो लोगों को हिरासत में लिया है।
दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के अनुसार, छह अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सूचना मिली थी कि रघुनाथपुर में एक व्यक्ति को ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखी चादर बेची गई है।
200 रुपये में खरीदी चादर
सूचना का सत्यापन करने पर पता चला कि पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सिसवा निवासी विपिन शर्मा ने उक्त चादर 200 रुपये में खरीदी थी। इसके लिए फोन-पे के माध्यम से मोहम्मद सलमान के बैंक खाते में भुगतान किया गया था। बैंक खाते की जांच के बाद पुलिस ने बाराबंकी जिले के बड़ुपुर थाना क्षेत्र के मलवान निवासी मोहम्मद सलमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया नाम
पूछताछ में सलमान ने बताया कि घटना के दिन फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी मोहम्मद गुलशाद ने उन्हें 200 रुपये भेजे थे। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद गुलशाद को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, दोनों ने बताया कि वे बंजरिया थाना क्षेत्र के नया टोला पंडाल निवासी दीपक इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर चंदन कुमार से चादर खरीदते हैं और घूम-घूमकर उनकी बिक्री करते हैं।
पानीपत से आती हैं चादरें
पूछताछ के दौरान चंदन कुमार ने बताया कि विदेशों से इस्तेमाल की हुई चादरें हरियाणा के पानीपत आती हैं। वहां उनकी धुलाई और छपाई के बाद उन्हें कम कीमत पर बेचा जाता है। वह भी वहीं से थोक में चादर खरीदकर स्थानीय फेरीवालों को बेचते हैं।
एटीएस भी कर रही जांच
इस मामले की जांच के लिए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम भी मोतिहारी पहुंच चुकी है। टीम ने रघुनाथपुर थाने में पूरे मामले की जानकारी ली। हालांकि, जिस चादर की जांच की जानी थी, वह उस समय उपलब्ध नहीं थी, क्योंकि उसे खरीदने वाले विपिन कुमार गोरखपुर गए हुए थे। पुलिस ने उनसे संपर्क किया है और उनके लौटने के बाद चादर एटीएस के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल चादर के पाकिस्तानी मूल की होने या किसी संदिग्ध गतिविधि से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों, चादर के स्रोत और उसकी बिक्री की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। छापेमारी में रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।