पूर्वी चंपारण में सिकरहना नदी के पुल से युवक ने लगाई छलांग, प्रेम संबंध के एंगल से जांच शुरू
Love Affair Case:पूर्वी चंपारण में सिकरहना नदी में कूदने से एक युवक की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजक ...और पढ़ें
-1785580585607_m.webp)
नदी में शव उपलाने के बाद जमा लोगों की भीड़़। फोटो: जागरण
HighLights
सिकरहना नदी में कूदने से युवक की मौत।
पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से कर रही जांच।
शव पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा।
संवाद सहयोगी, सुगौली (पूर्वी चंपारण)। Sikrahana River Incident: जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में सिकरहना नदी से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम युवक ने सिकरहना पुल से नदी में छलांग लगा दी थी, जिससे गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को पुल से नदी में कूदते देख राहगीरों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों को सूचना दी। अंधेरा होने के कारण तत्काल उसकी तलाश नहीं हो सकी।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में शव उपलाता देखा, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मुडला वार्ड संख्या-06 निवासी उमेश साह के 25 वर्षीय पुत्र रुपेश कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन भी मौके पर पहुंचे, जहां बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।