Bihar News : भूस्खलन से काठमांडू को जोड़ने वाले राजमार्ग पर आवागमन ठप, नेपाल में भारी बारिश से रास्ते में फंसे वाहन
नेपाल में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण काठमांडू को जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्गों ...और पढ़ें

नेपाल में भारी बारिश से सड़कें धंसने लगीं।
HighLights
नेपाल में दो दिन से मूसलाधार बारिश, भूस्खलन जारी।
काठमांडू को जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्गों पर आवागमन ठप।
कृष्णभीर सहित सात स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त, राहत कार्य बाधित।
जागरण संवाददाता, रक्सौल। नेपाल में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने काठमांडू की राह रोक दी है। पहाड़ों से उतरते तेज पानी और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन के कारण राजधानी को जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्गों पर आवागमन ठप हो गया है।
सड़कें धंसने और चट्टानें गिरने से कई स्थानों पर यातायात पूरी तरह बंद है। इससे नेपाल जाने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों की परेशानी बढ़ गई है।
सात स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त
धाडिंग जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, कृष्णभीर समेत सात स्थानों पर चट्टान गिरने और भूस्खलन के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रशासन की ओर से सड़क पर जमा मलबा हटाने का काम कराया जा रहा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है। पृथ्वी राजमार्ग, कांति लोकपथ और बीपी हाईवे पर फिलहाल आवागमन प्रभावित है।
कृष्णभीर में फिर बढ़ी परेशानी
त्रिशुली नदी के कटाव के कारण कृष्णभीर क्षेत्र में सड़क का एक हिस्सा पहले धंस गया था। यातायात बहाल करने के लिए करीब दो सप्ताह में यहां वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया था। अब दोबारा भूस्खलन होने से इस मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हो गया है। इससे काठमांडू आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़ी नदियों का बढ़ा बहाव
हटौंडा-त्रिखंडी मार्ग पर पहाड़ी खोला से गिरने वाले पानी का बहाव तेज होने के कारण सड़क पर पानी जमा हो गया है। कई स्थानों पर पहाड़ी क्षेत्रों से निकलने वाली नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। तेज पानी के कारण सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
निचले इलाकों में नहीं जाने की सलाह
नेपाल प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और निचले इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर में भी भारी बारिश के कारण पानी भर गया है। लगातार बारिश से स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है।
