बिहार: फर्जी आधार कार्ड के साथ नेपाल का मानव तस्कर मैत्री पुल से गिरफ्तार, नाबालिग लड़की का रेस्क्यू
भारत-नेपाल सीमा पर एक नाबालिग लड़की को बचाने के बाद नेपाली मानव तस्कर सेराज देवान को फर्जी आधार कार्ड के साथ गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

रेस्क्यू नाबालिग लड़की व गिरफ्तार आरोपी के साथ एसएसबी एएचटीयू की टीम एवं सामाजिक संस्था के कार्यकर्ता। सौ. प्रयास
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर नाबालिग लड़की का रेस्क्यू किया गया।
नेपाली मानव तस्कर सेराज देवान फर्जी आधार कार्ड संग गिरफ्तार।
फेसबुक मैसेंजर के जरिए प्रेम जाल में फंसाकर बुलाया था।
जागरण संवाददाता, रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात मानव तस्कर रोधी इकाई ने एक नाबालिग लड़की का रेस्क्यू किया है और नेपाल के मानव तस्कर सेराज देवान (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। उसे हरैया पुलिस को सौंप दिया गया है।
प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की जिला समन्वयक आरती कुमारी ने बताया कि एसएसबी 47वीं वाहिनी की एएचटीयू टीम मैत्री पुल पर जांच कर रही थी। इस दौरान 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को संदेह के आधार पर काउंसलिंग की गई।
लड़की ने बताया कि वह बिहार के सीतामढ़ी जिले की निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने उसे अपना रिश्तेदार बताया, लेकिन एएचटीयू टीम की गहन पूछताछ में यह गलत साबित हुआ।
पूछताछ में पता चला कि लड़की का संपर्क सेराज देवान से फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से हुआ था। आरोपित ने झूठे प्रेम संबंध का भरोसा दिलाकर नाबालिग के अश्लील फोटो और वीडियो प्राप्त किए और शादी का झांसा देकर उसे मुजफ्फरपुर बुलाया।
नाबालिग लड़की के परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि वह दो अगस्त से लापता थी। आरोपित फर्जी तरीके से भारत का आधार कार्ड भी बना रखा था।
इस संबंध में स्वच्छ रक्सौल संस्था के अध्यक्ष रणजीत सिंह के आवेदन पर आरोपित के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मौके पर सहायक उप निरीक्षक खेमराज, हवलदार अरविंद द्विवेदी, महिला सिपाही साधना सिन्हा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।