कंबोडिया मानव तस्करी नेटवर्क का मोतिहारी कनेक्शन, NIA ने मो. कलामुद्दीन का मोबाइल किया जब्त
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पूर्वी चंपारण में अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क की जांच के तहत मो. कलामुद्दीन से पूछताछ की और उसका मोबाइल जब्त किया।

NIA ने मो. कलामुद्दीन का मोबाइल किया जब्त
HighLights
NIA ने मोतिहारी में मानव तस्करी नेटवर्क की जांच की।
मो. कलामुद्दीन से पूछताछ कर मोबाइल फोन जब्त किया गया।
13 जुलाई को पटना में दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया।
संवाद सहयोगी, फेनहारा(मोतिहारी)। अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की पड़ताल अब पूर्वी चंपारण तक पहुंच गई है। फेनहारा थाना क्षेत्र के कालूपाकड़ वार्ड संख्या-2 निवासी मो. कलामुद्दीन (पिता- मो. यासीन) से एनआईए की टीम ने पूछताछ की है।
एजेंसी ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और 13 जुलाई को पटना स्थित एनआईए कार्यालय में दोबारा पूछताछ के लिए उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है।
वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही एजेंसी
जानकारी के अनुसार, एनआईए की जांच के दौरान कलामुद्दीन का नाम सामने आया था। जांच एजेंसी को संदेह है कि वह उन लोगों के संपर्क में था, जो भारतीय युवकों को कंबोडिया भेजने तथा उनके यात्रा टिकट की व्यवस्था कराने वाले नेटवर्क से जुड़े थे।
इसी आधार पर एजेंसी उसके संपर्कों, मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
पटना बुलाकर होगी विस्तार से पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, एनआईए यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के माध्यम से अब तक कितने लोगों को विदेश भेजा गया और क्या उन्हें वहां साइबर ठगी अथवा अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। जांच के दौरान देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों तक फैले नेटवर्क की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।
एजेंसी को उम्मीद है कि जब्त मोबाइल से प्राप्त डिजिटल साक्ष्य और आगे की पूछताछ से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान हो सकेगी। इसी सिलसिले में कलामुद्दीन को 13 जुलाई को पटना बुलाकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। फिलहाल एनआईए की जांच जारी है।
एजेंसी ने अभी तक इस मामले में मो. कलामुद्दीन की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही किसी भी व्यक्ति की भूमिका और जिम्मेदारी तय होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।