पूर्वी चंपारण के पताही थाने में महिला होमगार्ड से छेड़खानी, आरोपित दारोगा और मुंशी निलंबित
Bihar Police: पूर्वी चंपारण के पताही थाने में एक महिला होमगार्ड से छेड़खानी के आरोप में दारोगा सुदामा सिंह और मुंशी संतोष कुमार को निलंबित कर दिया गया ...और पढ़ें

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, पताही (पूर्वी चंपारण)। East Champaran News: जिले के पताही थाना में तैनात दारोगा सुदामा सिंह और मुंशी संतोष कुमार को महिला होमगार्ड के साथ छेड़खानी का आरोप महंगा पड़ गया। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला सिपाही ने सीधे एसपी से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले की जांच का जिम्मा पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन को सौंपा। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
निलंबन के साथ ही दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और मामले को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है।