Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण के पीपरा में धनौती नदी में डूबने से 80 वर्षीय वृद्ध की मौत, शौच के लिए गए थे

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 03:34 PM (GMT+05:30)

    पूर्वी चंपारण के पीपरा में धनौती नदी में डूबने से 80 वर्षीय अनहोती मुखिया की मौत हो गई। वे शौच के लिए नदी किनारे गए थे, जहां पैर फिसलने से यह हादसा हु ...और पढ़ें

    नदी के समीप पैर फिसल जाने से हुआ हादसा। प्रतीकात्मक फोटो

    नदी के समीप पैर फिसल जाने से हुआ हादसा। प्रतीकात्मक फोटो

    जागरण संवाददाता, पीपरा (पूर्वी चंपारण)। Pipra Drowning Incident: पीपरा थाना क्षेत्र की चिंतामनपुर पंचायत के टिकुलिया गांव में शनिवार सुबह धनौती नदी में डूबने से 80 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई।

    मृतक की पहचान टिकुलिया गांव के वार्ड संख्या 15 निवासी अनहोती मुखिया के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    मिली जानकारी के अनुसार अनहोती मुखिया प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह शौच के लिए घर से उत्तर दिशा में बहने वाली धनौती नदी के किनारे गए थे।

    इसी दौरान नदी के समीप उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।

    काफी देर तक घर नहीं लौटने पर स्वजन को चिंता हुई। इसके बाद उनकी खोजबीन शुरू की गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश की गई और काफी प्रयास के बाद उनका शव बरामद किया गया।

    शव मिलने की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
    ्र
    अनहोती मुखिया अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में पत्नी मातेश्वरी देवी के अलावा चार पुत्र, बहुएं और पोते-पोतियां हैं। पत्नी और बच्चों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया और स्वजन को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

    थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।