ऑनलाइन गेम में पाकिस्तानी लड़की से दोस्ती, 10 हजार का लालच और ओटीपी का खेल, बिहार के दो युवक गिरफ्तार
Raxaul youths arrested : रक्सौल के दो युवकों को ऑनलाइन गेमिंग के ज़रिए पाकिस्तानी एजेंट से दोस्ती कर भारतीय मोबाइल ...और पढ़ें

आदित्य पांडेय व राजा कुमार। सौ. पुलिस
HighLights
रक्सौल के दो युवक पाकिस्तानी एजेंट को OTP देने में गिरफ्तार।
ऑनलाइन गेमिंग के ज़रिए हुई थी पाकिस्तानी लड़की से दोस्ती।
साइबर ठगी मामले में बिहार एसटीएफ और विजयवाड़ा पुलिस की कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान हुई दोस्ती, व्हाट्सएप अकाउंट लॉगिन कराने का प्रलोभन और बदले में मोटी रकम पाने की चाह। इसी सिलसिले में रक्सौल के दो युवक जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए।
साइबर ठगी के एक मामले में पाकिस्तान से जुड़े कथित संपर्क की जांच के दौरान बिहार एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तानी एजेंट को भारतीय मोबाइल नंबरों से जुड़े व्हाट्सएप खातों के ओटीपी साझा किए थे।
छह युवक-युवतियों से हुई पूछताछ
साइबर ठगी के मामले में अनुसंधान के लिए विजयवाड़ा पुलिस रक्सौल पहुंची थी। इसके बाद रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद के नेतृत्व में बिहार एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और विजयवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर छह युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जांच के बाद दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ओटीपी देने के बदले 10 हजार का लालच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों की पहचान नागा रोड निवासी बलिराम पांडेय के पुत्र आदित्य पांडेय और मधुबनी जिले के हरलाखी निवासी सुरेश साह के पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है। राजा अपने स्वजनों के साथ रक्सौल के नोनयाडीह में रहता है।
पूछताछ में राजा ने बताया कि ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान व्हाट्सएप के माध्यम से उसकी दोस्ती एक पाकिस्तानी लड़की से हुई थी। आरोप है कि लड़की ने अपना व्हाट्सएप अकाउंट लॉगिन कराने के बदले उसे 10 हजार रुपये देने का प्रलोभन दिया। इसके बाद उसने ओटीपी साझा कर दिया। धीरे-धीरे यह सिलसिला आगे बढ़ा और उसने अपने कुछ दोस्तों को भी पैसे का लालच देकर उनके व्हाट्सएप खातों से जुड़े ओटीपी साझा कराए।
व्हाट्सएप खातों के इस्तेमाल की जांच
पुलिस को आशंका है कि भारतीय मोबाइल नंबरों से बनाए गए व्हाट्सएप खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में किया जा रहा था। जांच एजेंसियां खातों के इस्तेमाल, ओटीपी साझा करने के बदले हुए भुगतान और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों की पड़ताल
एसडीपीओ मनीष आनंद के अनुसार, विजयवाड़ा पुलिस कांड संख्या 01/2026 के अनुसंधान के सिलसिले में रक्सौल पहुंची थी। इंटेलिजेंस इकाई से मिले इनपुट के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार दोनों युवकों को टीम अपने साथ ले गई है। मामले में पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों और साइबर ठगी में व्हाट्सएप खातों के कथित इस्तेमाल की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।