Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रक्सौल में हनुमान मंदिर से 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी, पुलिस जांच में जुटी

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 10:46 PM (IST)

    रक्सौल के हनुमान मंदिर से शनिवार को दिनदहाड़े 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी हो गया, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश है। ...और पढ़ें

    एआई जेनरेट इमेज।

    एआई जेनरेट इमेज।

    HighLights

    1. रक्सौल हनुमान मंदिर से 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी।

    2. शनिवार को दिनदहाड़े हुई चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश।

    3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, आरोपियों की तलाश जारी।

    जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूच)। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात चोरों ने शनिवार को मुख्य सड़क स्थित आबकारी थाना के समीप हनुमान मंदिर से भगवान हनुमान की प्रतिमा पर स्थापित करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट चोरी कर लिया।

    घटना दिन के लगभग साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। चोरी की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

    मंदिर के पुजारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। वह भी पूजा-अर्चना में व्यस्त थे, लेकिन करीब 15 मिनट के लिए मंदिर परिसर से बाहर चले गए।

    चांदी का मुकुट गायब

    लौटने पर देखा कि भगवान हनुमान की प्रतिमा पर स्थापित चांदी का मुकुट गायब था। इसके बाद मंदिर परिसर में काफी खोजबीन की गई, लेकिन मुकुट का कोई सुराग नहीं मिल सका।

    पुजारी के अनुसार, चोरी हुए मुकुट का वजन करीब 500 ग्राम था। घटना की सूचना तत्काल रक्सौल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

    पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना के समय मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पूजा-अर्चना के दौरान किसी ने मौका पाकर वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।

    रक्सौल के अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि चोरी के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर शीघ्र आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- किन्नर मोनी और बिसिया ने रची बंटी की हत्या की साजिश, पटना में शराब पार्टी के बाद दिया वारदात को अंजाम