रक्सौल में सिपाही को ईंट मारकर हथकड़ी समेत फरार युवक तिनकोनी से गिरफ्तार
रक्सौल में पुलिस हिरासत से हथकड़ी समेत फरार हुए युवक विकास सिंह को पुलिस ने तिनकोनी गांव से गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। पुलिस हिरासत से हथकड़ी समेत फरार युवक ज्यादा देर तक पुलिस की पकड़ से दूर नहीं रह सका।
सिपाही को ईंट से जख्मी कर भागे युवक को पुलिस ने छापेमारी कर तिनकोनी गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव निवासी नन्हक सिंह के पुत्र विकास सिंह के रूप में हुई है।
संदेह के आधार पर थाने लाई थी पुलिस
बताया जाता है कि रविवार की देर रात पुलिस गश्ती कर रही थी। इसी दौरान सड़क पर बाइक से घूम रहे युवक पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ के लिए पुलिस उसे पकड़कर दरपा थाना ले आई। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही थी।
शौच का बहाना बनाया, सिपाही पर किया हमला
सोमवार की सुबह आरोपित ने शौच जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे लेकर गया। इसी दौरान उसने सिपाही राजेश्वर सिंह पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में सिपाही जख्मी हो गए। इसके बाद आरोपित हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गया।
गांव में छिपे होने की मिली सूचना
सिपाही को जख्मी कर युवक के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसी क्रम में पुलिस को उसके तिनकोनी गांव में होने की सूचना मिली।
छापेमारी कर पुलिस ने दबोचा
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तिनकोनी गांव में छापेमारी की। इस दौरान विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
