केसरिया स्तूप बन सकता है विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र, सांसद सुधा मूर्ति ने दिए विकास के टिप्स
Kesariya Buddha Stupa: प्रसिद्ध लेखिका व राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने केसरिया बौद्ध स्तूप को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की ...और पढ़ें

सीतामढ़ी के सांसद देवेशचंद्र ठाकुर के साथ सुधा मूर्ति ने केसरिया बौद्ध स्तूप का अवलोकन किया।
संवाद सहयोगी, केसरिया (पूर्वी चंपारण)। Sudha Murty Kesariya: प्रसिद्ध लेखिका व राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने कहा कि केसरिया का बौद्ध स्तूप देश ही नहीं, बल्कि विदेशी पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
इस ऐतिहासिक धरोहर की वैश्विक पहचान को और मजबूत करने के लिए परिसर में पर्यटन सुविधाओं का बेहतर विकास जरूरी है। वे बुधवार को सीतामढ़ी के सांसद देवेशचंद्र ठाकुर के साथ प्रसिद्ध केसरिया बौद्ध स्तूप का अवलोकन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
स्वच्छता और संरक्षण पर बल
सुधा मूर्ति ने स्तूप परिसर की स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए सैलानियों के लिए बुनियादी सुविधाओं को विस्तार देने की बात कही। उन्होंने रेखांकित किया कि धरोहरों के व्यवस्थित संरक्षण से पर्यटन उद्योग को गति मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्रीय युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
एएसआई अधिकारियों से संवाद
भ्रमण के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) पटना अंचल के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. हरिओम शरण ने उन्हें स्तूप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व से अवगत कराया।
अधिकारियों ने सांसद को परिसर में जारी विकास कार्यों और पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। सुधा मूर्ति के आगमन से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों में भी खासा उत्साह दिखा।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
सुधा मूर्ति ने स्तूप की अनूठी स्थापत्य कला की बारीकियों को भी समझा और सराहा। इस मौके पर चकिया डीसीएलआर प्रकाश रजक, केसरिया बीडीओ कुमुद कुमार, सीओ पूनम मिश्रा सहित पुरातत्व विभाग व स्थानीय प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने परिसर के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
