गयाजी में बरात के दौरान डीजे गाड़ी की टक्कर से गिरी दीवार, 4 साल की बच्ची की मौत
मानपुर के पचम्बा गांव में बरात के दौरान डीजे वाहन की टक्कर से दीवार गिरने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। ...और पढ़ें

मौके पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)
HighLights
बरात में डीजे वाहन से दीवार गिरी।
चार वर्षीय बच्ची अनुष्का कुमारी की मौत।
तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
संवाद सूत्र, मानपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरे पंचायत के पचम्बा गांव में गुरुवार देर रात बरात के दौरान एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में बरात निकल रही थी और डीजे वाहन देवी स्थान के समीप तेज आवाज में गाना बजाते हुए गुजर रहा था।
इसी दौरान डीजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर एक खपड़ैल मकान की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार का पिलर भरभराकर गिर पड़ा। पिलर की चपेट में आने से चार वर्षीय अनुष्का कुमारी गंभीर रूप से दब गई।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हो गए, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृत बच्ची के परिजनों ने बताया कि अनुष्का दो बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता धर्मेंद्र यादव दूसरे प्रदेश में सेंटरिंग का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि डीजे वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। परिजनों ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बिहार में जयमाला देखने को उमड़ी भीड़, अचानक भरभरा कर गिरा छत का छज्जा; 2 लोगों की मौत और कई घायल