Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: '...फिर मुख्यमंत्री बनो', चौबे ने बिना नाम लिए रख दी बड़ी शर्त; सियासी अटकलें तेज

    Updated: Mon, 08 Sep 2025 05:35 PM (IST)

    गया के शेरघाटी में एनडीए सम्मेलन में पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे ने कांग्रेस पर संविधान से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधते हु ...और पढ़ें

    कांग्रेस बताए कि जेपी आंदोलन सही था या गलत: चौबे
    कांग्रेस बताए कि जेपी आंदोलन सही था या गलत: चौबे

    HighLights

    1. चौबे का कांग्रेस पर संविधान से छेड़छाड़ का आरोप
    2. लालू यादव पर निशाना, 'पप्पू' के साथ सपने
    3. बिहार में एनडीए की वापसी का दावा

    संवाद सहयोगी, शेरघाटी (गया)। मां-बहनों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। जिस संविधान को डॉ. राजेंद्र प्रसाद और भीम राव आंबेडकर ने बनाया था, उसकी मूल प्रति से छेड़छाड़ कांग्रेस ने की। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने सोमवार को शेरघाटी के रंगलाल उच्च विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित एनडीए के विधानसभा स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

    बिना लालू प्रसाद यादव (पूर्व मुख्यमंत्री) का नाम लिए उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन हड़पने वाले, चारा खाने वाले पप्पू के साथ मिलकर मुख्यमंत्री का सपना जो देख रहे हैं, वह पूरा नहीं होगा। बिहार की जनता ने इन दोनों की पहचान कर ली है। उनके झांसे में आने वाली नहीं है। अब जब सीबीआई और ईडी का सामना करना पड़ता है, तो सत्तापक्ष पर आरोप लगाते हैं।

    चौबे ने आगे कहा कि करोड़ों की जमीन का घपलेबाजी करने वाले को चोर नहीं कहेंगे, तो और क्या कहेंगे। पहले जनता की जमीन वापस करो, फिर मुख्यमंत्री बनो। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष उल्टा मोदी और नीतीश सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाकर गुमराह कर रहा है। बिहार की जनता सब जानती है।

    उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से खतरा है। कांग्रेस बताए कि जेपी आंदोलन सही था या गलत। अगर सही था, तो आपातकाल क्यों लगाया? 50 साल पहले आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की। जनता तय करेगी कांग्रेस का शासन अच्छा था या वर्तमान मोदी की सरकार। अगर हिम्मत है तो बोलें कि आपातकाल गलत था।

    खबरें और भी

    पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि मोदी और नीतीश सरकार में सबका विकास सबका विश्वास है। यही है एनडीए की सरकार। बिहार में फिर एनडीए वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि जब मोदी ने सता संभाली थी तो भारत पूरी दुनिया में दसवीं अर्थव्यवस्था में था। आज तीसरी अर्थव्यवस्था में है। यह है बदलता भारत।  

    सम्मेलन को बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने हर गांव में बिजली पहुंचाई, सड़कें बनवाई और स्कूलों में नए भवन खड़े किए। आज स्कूलों में छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और बिहार में शिक्षा के स्तर में अप्रत्याशित सुधार हुआ है।

    एनडीए सम्मेलन में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि विपक्ष केवल डबल इंजन की सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन जनता सच जानती है। पूर्व मंत्री डॉ. विनोद प्रसाद यादव और पूर्व सांसद महाबली सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया, रोजगार के अवसर बढ़ाए और गरीबों के जीवन में सुधार लाने के लिए कई योजनाएं लागू की।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अरविंद कुमार ने की, जबकि संचालन का दायित्व जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश उर्फ चिंटू सिंह ने निभाया। मौके पर हम के जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश उर्फ लाला सिंह, नगर अध्यक्ष (जदयू) राजकुमार प्रसाद उर्फ राजू वर्णवाल, जिला प्रवक्ता विनय प्रसाद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- Bihar Politics: इस सीट की सियासत में पारिवारिक दावेदारी तेज, बेटों को लॉन्च करने की तैयारी में कई नेता

    यह भी पढ़ें- Bihar Politics: बिहार भाजपा में मुस्लिम मतदाताओं पर पकड़ रखते हैं कई हिंदू दिग्गज, ये रही पूरी लिस्ट