विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 4092 करोड़ के निवेश का रास्ता साफ, 12 कंपनियों के साथ CM सम्राट की मौजूदगी में MoU

Published: Sat, 24 Oct 2026 06:32 PM (IST)

बोधगया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में 12 औद्योगिक इकाइयों के साथ 4,092 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हस्ताक्षर किए गए।

बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं साथ में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डा. प्रेम कुमार व अन्‍य। जागरण

बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं साथ में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डा. प्रेम कुमार व अन्‍य। जागरण

जागरण संवाददाता, गयाजी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शनिवार को बोधगया स्थित आइटीसी होटल में कई निवेश प्रस्‍तावों का एमओयू हुआ। 

उद्योग विभाग और 12 औद्योगिक इकाइयों के बीच 4,092 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से संबंधित समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड के शुभारंभ और बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के कर्टेन रेजर कार्यक्रम के अवसर पर हुए इन समझौतों से राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बिहार में उद्योग के क्षेत्र में आएगा बड़ा बदलाव 

निवेश प्रस्तावों में ऊर्जा, टेक्सटाइल, आर्गेनिक उत्पाद, आटोमोबाइल, एल्युमिनियम, कृषि आधारित उत्पाद, बायोटेक्नोलाजी और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी इकाइयां शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में निवेश से बिहार में उत्पादन गतिविधियों के विस्तार, सहायक उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं।

राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करना, उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और औद्योगिक आधार को मजबूत बनाना है।

सरकार की प्राथमिकता निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने की है, ताकि इनका लाभ औद्योगिक उत्पादन, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के रूप में सामने आए।

केंद्रीय मंत्री, दोनों उपमुख्‍यमंत्री भी रहे मौजूद 

इसके लिए औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार और निवेशकों के साथ समन्वय पर जोर दिया जा रहा है।कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव मौजूद थे।

इनके अलावा बिहार विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन उपस्थित रहे।

इसके अलावा जापान, थाईलैंड और लाओस के राजदूत, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, DGP प्रीता वर्मा, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह की उपस्‍थ‍िति‍ रही। 

मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, मगध प्रमंडल की आयुक्त डा. सफीना एएन., मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इन 12 कंपनियों के साथ हुआ समझौता

कंपनी का नाम प्रस्तावित निवेश
मिंट लाइफ साइंसेज 1,500 करोड़ रुपये
एबीआइएस ग्रुप 600 करोड़ रुपये
बायोहील एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड 510 करोड़ रुपये
जियोफास्ट इंडस्ट्रीज (1) लिमिटेड 500 करोड़ रुपये
कुमार आर्गेनिक्स 300 करोड़ रुपये
जियाना इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड 206 करोड़ रुपये
नालंदा ऑटोमेक प्राइवेट लिमिटेड 120 करोड़ रुपये
अमरनाथ टेक्सटाइल 110 करोड़ रुपये
मां भद्रकाली एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्राइवेट लिमिटेड 95 करोड़ रुपये
शिवा एग्रो नेचुरल प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड 51 करोड़ रुपये
वास्तु विहार बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड 50 करोड़ रुपये
कनकलया ज्वेलरी 50 करोड़ रुपये

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।