बिहार को पर्यटन का बड़ा हब बनाने की तैयारी, 25 हजार करोड़ से बदलेगी तस्वीर, MP मनोज तिवारी ने बताया पूरा प्लान
सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि बिहार को पर्यटन में अग्रणी बनाने के लिए केंद्र 25 हजार करोड़ रुपये लगा ...और पढ़ें

दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी। जागरण
HighLights
केंद्र 25 हजार करोड़ रुपये से बिहार पर्यटन का विकास करेगा।
सांसद मनोज तिवारी ने बोधगया में पर्यटन योजनाएं साझा कीं।
गाइड एसोसिएशन ने विदेशों में सेंटर खोलने की मांग की।
संवाद सूत्र, बोधगया। संसदीय कमेटी के साथ बोधगया आए दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी से जागरण प्रतिनिधि ने बातचीत की।
सांसद ने जागरण से बातचीत में कहा कि परिवहन, पर्यटन और संस्कृति से जुड़ी टीम संसदीय स्थायी समिति के साथ बिहार के दौरे पर है।
इसका उद्देश्य बिहार को पर्यटन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना और प्रमुख पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास करना है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विकास के लिए पूरे बिहार में केंद्र की ओर से करीब 25 हजार करोड़ रुपये लगाए जा रहे हैं। राज्य सरकार के फंड का भी समन्वय कर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
गाइड एसोसिएशन ने रखी विदेशों में सेंटर खोलने की मांग
बैठक में बोधगया गाइड एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं और मांगें समिति के सदस्यों के समक्ष रखीं। एसोसिएशन की ओर से विदेशों में गाइड सेंटर खोलने की मांग की गई, ताकि वहां से पर्यटकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्हें भारत और विशेष रूप से बोधगया लाया जा सके।
इसके अलावा बोधगया में स्थानीय स्तर पर गाइड कार्यालय खोलने की मांग भी रखी गई। हालांकि बैठक में उन्हें अधिक बोलने की समय अवधि नहीं दी है।
जिलाधिकारी ने किया समिति के सदस्यों का स्वागत
बैठक के दौरान गया जिलाधिकारी शशांक शुभंकर व एडीएम सह बीटीएमसी के प्रभारी सचिव पारितोष कुमार ने संसदीय स्थायी समिति के सभी सदस्यों और अधिकारियों का स्वागत किया।
सदस्यों को भगवान बुद्ध और भगवान विष्णु से संबंधित प्रतीक चिह्न तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक समाप्त होने के बाद संसदीय समिति के सदस्य सड़क मार्ग से राजगीर और नालंदा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुए।
