गया में 10 फीट जमीन के लिए छोटे भाई ने की बड़े की हत्या, रॉड से मारकर उतारा मौत के घाट
गया के बाराचट्टी में 10 फीट जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ...और पढ़ें

बड़े भाई की हत्या ( प्रतीकात्मक तस्वीर )
HighLights
गया में 10 फीट जमीन विवाद में हत्या।
छोटे भाई ने बड़े भाई को रॉड से मारा।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी।
संवाद सूत्र, बाराचट्टी (गया)। बाराचट्टी थाना क्षेत्र में महज 10 फीट जमीन के विवाद ने सोमवार की अल सुबह खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान रामदेव प्रसाद केसरी (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके सगे छोटे भाई गुड्डू प्रसाद केसरी पर लगा है। बताया जाता है कि दोनों भाइयों के बीच वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच दी
जानकारी के अनुसार, गुड्डू प्रसाद केसरी ने अपने हिस्से की जमीन पहले ही रामदेव प्रसाद केसरी को बेच दी थी। बाद में दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-19) के चौड़ीकरण के दौरान रामदेव द्वारा खरीदी गई जमीन सड़क निर्माण में चली गई। इसके बाद रामदेव अपने भाई के हिस्से में पीछे बची करीब 10 फीट जमीन, जहां गोशाला बनी हुई थी, की मांग कर रहे थे।
इसी बात को लेकर सोमवार की अल सुबह दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
लोहे की रॉड से रामदेव पर ताबड़तोड़ हमला
आरोप है कि गुड्डू प्रसाद केसरी ने लोहे की रॉड से रामदेव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामदेव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। स्वजनो और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।