बिहार में टीचर बनने का सुनहरा मौका: CUSB में 4-वर्षीय B.A.-B.Ed. और B.Sc.-B.Ed. के लिए दाखिला शुरू
सीयूएसबी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 4-वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) बी.ए. बी.एड. और बी.एससी. बी.एड. पाठ्यक्रमों में आवेदन आ ...और पढ़ें

सीयूएसबी में 4 वर्षीय आईटीईपी बी.ए. बी.एड. और बी.एससी. बी.एड. पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन शुरू
HighLights
सीयूएसबी में 4-वर्षीय आईटीईपी बी.ए. बी.एड. व बी.एससी. बी.एड. प्रवेश।
नामांकन एनसीईटी-2026 के माध्यम से, ऑनलाइन पंजीकरण 22 जुलाई तक।
प्रत्येक पाठ्यक्रम में 50 सीटें उपलब्ध, कक्षाएं 4 अगस्त से।
संवाद सहयोगी, टिकारी। सीयूएसबी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 4-वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) बी.ए. बी.एड. एवं बी.एससी. बी.एड. पाठ्यक्रमों में नामांकन हेतु योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। सीयूएसबी इस शैक्षणिक सत्र से पहली बार 4-वर्षीय आईटीईपी बी.ए. बी.एड. एवं बी.एससी. बी.एड. पाठ्यक्रम प्रारम्भ कर रहा है।
इससे पूर्व विश्वविद्यालय में अलग पाठ्यक्रम संरचना के अंतर्गत 4-वर्षीय बी.ए. बी.एड. एवं बी.एससी. बी.एड. पाठ्यक्रम संचालित किए जाते थे तथा इनमें प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के माध्यम से होता था।
सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति की अनुशंसाओं के अनुरूप विश्वविद्यालय ने आईटीईपी बी.ए. बी.एड. एवं बी.एससी. बी.एड. कार्यक्रम प्रारम्भ करने की पहल की है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि ये पाठ्यक्रम न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा को बढ़ावा देंगे।
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक (सीओई) डॉ. शांतिगोपाल पाइन द्वारा विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.cusb.ac.in पर अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनसीईटी)-2026 में सम्मिलित सभी अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि 4-वर्षीय बी.ए. बी.एड. तथा बी.एससी. बी.एड. दोनों कार्यक्रमों में 50-50 सीटें उपलब्ध हैं। बी.एससी. बी.एड. पाठ्यक्रम में प्रमुख विषयों के अनुसार सीटों का विवरण इस प्रकार है- गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान एवं प्राणी विज्ञान में 10-10 है।
खबरें और भी
इसी प्रकार बी.ए. बी.एड. पाठ्यक्रम में विषयवार सीटो में- हिन्दी 9, अंग्रेजी 9, अर्थशास्त्र 8, राजनीति विज्ञान 8, इतिहास 8 और भूगोल 8 है।
उप कुलसचिव (शैक्षणिक एवं परीक्षा) कुमार कौशल ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सीयूएसबी द्वारा संचालित उक्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को सीयूएसबी समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध लिंक https://cusbcuet.samarth.edu.in/ncet के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।
प्रत्येक पाठ्यक्रम के लिए सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 500/- तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को 200 (अप्रतिदेय) पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा।
ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 जुलाई निर्धारित की गई है। प्रथम चरण के प्रवेश हेतु पाठ्यक्रमवार कट-ऑफ अंक 24 जुलाई को घोषित किए जाएंगे। कट-ऑफ प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी 28 जुलाई तक संबंधित पाठ्यक्रम का प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे।
अस्थायी रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची 30 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी तथा ऑफलाइन (भौतिक) कक्षाएं 4 अगस्त से प्रारम्भ होंगी।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए समय-समय पर सीयूएसबी की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की सलाह दी है।