विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया-बोधगया की सड़कों पर दौड़ेंगी 50 नई इलेक्ट्रिक बसें, छठ-दीपावली पर यात्रियों को किराये में बंपर छूट

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:31 PM (IST)

गया जिले में प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के लिए जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी और 20 चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।

बोधगया सहित गया जिले में जल्द चलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, परिवहन मंत्री ने दी जानकारी (AI Generated Image)

बोधगया सहित गया जिले में जल्द चलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, परिवहन मंत्री ने दी जानकारी (AI Generated Image)

HighLights

  1. गया जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन जल्द होगा शुरू।

  2. इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 20 चार्जिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

  3. दीपावली-छठ पर दिल्ली, गुरुग्राम के लिए विशेष बस सेवा।

संवाद सूत्र, बोधगया। बिहार में प्रदूषण पर लगाम लगाने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने पहल तेज कर दी है। गया जिले के बोधगया सहित अन्य प्रखंडों में जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा।

इसके साथ ही गया जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 20 चार्जिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। पहले चरण में 10 स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है, जबकि दूसरे चरण में 10 अन्य स्थानों पर चार्जिंग प्वाइंट विकसित किए जाएंगे।

बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बोधगया पहुंचे। यहां एक निजी होटल में ठहरने के दौरान उन्होंने दैनिक जागरण से खास बातचीत में बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन को लेकर विभागीय स्तर पर काम चल रहा है।

इन बसों के शुरू होने से यात्रियों को कम किराये में आरामदायक और सुविधाजनक सफर का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

गया और बोधगया अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल हैं, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक परिवहन सेवा शुरू करने की योजना है।

दीपावली-छठ पर दिल्ली और गुरुग्राम के लिए विशेष बस सेवा

इधर, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से गया से दिल्ली और गुरुग्राम के लिए विशेष बस सेवा शुरू की गई है।

गया के डीटीओ राजेश कुमार ने बताया कि निगम की सब्सिडियरी के माध्यम से संचालित बसें गया सरकारी बस स्टैंड से खुलेंगी। दिल्ली के आनंद विहार और निजामुद्दीन के लिए 10 बसें, जबकि गुरुग्राम के लिए दो बसें चलाई जा रही हैं।

यात्रियों को किराये में 923 रुपये तक की छूट

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. राजकुमार ने बताया कि यात्रियों को त्योहार के दौरान राहत देने के लिए बस किराये में सब्सिडी दी जा रही है। यह सुविधा 5 से 20 नवंबर तक लागू है।

उन्होंने बताया कि गया से दिल्ली के लिए एसी सीटर बस का वास्तविक किराया 1907 रुपये है, जिसे सब्सिडी के बाद 1272 रुपये कर दिया गया है। इस तरह यात्रियों को 635 रुपये की राहत मिल रही है।

वहीं, एसी स्लीपर बस का वास्तविक किराया 2784 रुपये है, जो सब्सिडी के बाद 1861 रुपये में उपलब्ध है। इसमें यात्रियों को 923 रुपये की छूट मिल रही है।

इसी तरह गया से गुरुग्राम के लिए भी किराये में राहत दी गई है। एसी नॉन-सीटर बस का वास्तविक किराया 1629 रुपये है, जिसे सब्सिडी के बाद 1184 रुपये निर्धारित किया गया है।

वहीं, एसी सीटर बस का वास्तविक किराया 1991 रुपये है, जो सब्सिडी के बाद 1321 रुपये में उपलब्ध है। इस श्रेणी में यात्रियों को 670 रुपये की छूट मिल रही है।

परिवहन विभाग की इन पहलों से एक ओर जहां गया-बोधगया में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर त्योहारों में घर आने-जाने वाले यात्रियों को भी सस्ते सफर की सुविधा मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।