Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेलवे यात्रियों के लिए राहत: 21 मार्च डेडलाइन से पहले गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म 2-3 पर आज ट्रायल

    Updated: Fri, 20 Mar 2026 10:31 AM (GMT+05:30)

    गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर चल रहा सुधार कार्य अंतिम चरण में है, जिसकी समयसीमा 21 मार्च तय है। रेलवे आज इन प्लेटफॉर्मों पर दो चरणों म ...और पढ़ें

    गया जंक्शन

    गया जंक्शन

    जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर चल रहा व्यापक सुधार कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। रेलवे प्रशासन ने इन कार्यों को 21 मार्च तक पूरा करने की समयसीमा तय की है, जिसके तहत निर्माण, मरम्मत और तकनीकी सुधार तेजी से किए गए हैं।

    मेगा ब्लाक लेकर ट्रैक, सिग्नल और प्लेटफार्म से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त किया गया है।

    आज दो चरणों में होगा ट्रायल

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार,शुक्रवार को प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन से जुड़ी रेल लाइनों पर ट्रायल किया जाएगा।

    यह ट्रायल दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में इंजन और मालगाड़ी के माध्यम से ट्रैक की मजबूती और तकनीकी स्थिति की जांच की जाएगी।

    इसके बाद दूसरे चरण में बोगियों को जोड़कर ट्रायल किया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्री ट्रेनों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

    यात्रियों की सुविधाओं पर खास ध्यान

    सुधार कार्य के दौरान केवल ट्रैक और तकनीकी व्यवस्थाओं पर ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

    प्लेटफार्म पर आधुनिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की सटीक और समय पर जानकारी मिल सके। इसके साथ ही बेहतर रोशनी के लिए नई एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं और गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पंखों की व्यवस्था भी की जा रही है।

    भीड़भाड़ में मिलेगी राहत

    रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन सुधारों से गया जंक्शन पर यात्रियों को काफी राहत मिलेगी, खासकर भीड़भाड़ के समय।

    अब यात्रियों को जानकारी और सुविधाएं अधिक व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध होंगी। प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर लंबे समय से सुविधाओं की कमी को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिन्हें दूर करने का प्रयास किया गया है।

    सफल ट्रायल के बाद शुरू होगा नियमित संचालन

    यदि ट्रायल पूरी तरह सफल रहता है, तो जल्द ही दोनों प्लेटफॉर्म को नियमित संचालन के लिए खोल दिया जाएगा।

    इससे न केवल ट्रेनों की आवाजाही सुचारू होगी, बल्कि गया जंक्शन की समग्र व्यवस्था भी मजबूत होगी। स्थानीय और दैनिक यात्रियों के लिए यह पहल काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे उनकी यात्रा और अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।