विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

300 करोड़ के कायाकल्प से बदलेगा गयाजी जंक्शन का स्वरूप, पितृपक्ष में श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:35 PM (IST)

पितृपक्ष मेला से पहले गया जंक्शन पर 300 करोड़ रुपये के पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं, जिससे पिंडदानियों ...और पढ़ें

गया जंक्शन

 गया जंक्शन

जागरण संवाददाता, गयाजी। पितृपक्ष मेला का शुभारंभ 25 सितंबर से होने जा रहा है। देश-विदेश से लाखों पिंडदानियों के गयाजी पहुंचने की संभावना को देखते हुए गया जंक्शन पर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुनर्विकास के बीच इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने पर विशेष जोर है।

निर्माणाधीन सुविधाओं को पितृपक्ष से पहले उपयोग के लिए तैयार करने के साथ भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और सुगम आवागमन की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

गया जंक्शन का करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। योजना पूरी होने के बाद स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।

एयरपोर्ट जैसी आधुनिक यात्री सुविधाओं की दिशा में काम चल रहा है। विशाल एयर कॉनकोर्स, लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक प्रतीक्षालय और बेहतर यात्री आवागमन व्यवस्था नए स्टेशन की प्रमुख विशेषताएं होंगी।

पितृपक्ष से पहले दोनों वेटिंग हॉल होंगे एसी, पिंडदानियों को मिलेगी बड़ी राहत

सहायक मंडल अभियंता कंस्ट्रक्शन सुधीर शर्मा ने बताया कि पितृपक्ष को देखते हुए गया जंक्शन पर तैयार भवनों में यात्री सुविधाएं बढ़ाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

फर्स्ट क्लास वेटिंग हॉल में पितृपक्ष से पहले एसी लगाने की तैयारी है। सेकंड क्लास वेटिंग हॉल में भी वातानुकूलित सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

इससे लंबी दूरी से आने वाले पिंडदानियों और यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान राहत मिलेगी। स्टेशन परिसर में तैयार हो रहे पिलग्रिम भवन को भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिहाज से उपयोगी बनाया जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र के रूप में काम करेगा।

पिलग्रिम भवन बनेगा श्रद्धालुओं का बड़ा सुविधा केंद्र, बदलेगा स्टेशन का लुक

गया जंक्शन परिसर में तैयार हो रहे पिलग्रिम भवन को पितृपक्ष मेला को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इसे उपयोगी बनाने का काम तेजी से चल रहा है। कांच से तैयार किए जा रहे बाहरी भवन से स्टेशन की खूबसूरती को भी नया रूप मिलेगा।

पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन पर कई आधुनिक सुविधाएं आकार ले रही हैं। रेलवे की कोशिश है कि पितृपक्ष के दौरान निर्माण कार्य के बीच भी यात्रियों को किसी तरह की बड़ी परेशानी न हो। स्टेशन पर आने वाली भारी भीड़ को व्यवस्थित करने की भी तैयारी की जा रही है।

अतिरिक्त टिकट काउंटर खुलेंगे, लंबी कतार से मिलेगी राहत

पितृपक्ष मेला के दौरान टिकट काउंटरों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने की तैयारी है।

इससे यात्रियों और पिंडदानियों को टिकट लेने के लिए लंबे समय तक कतार में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। टिकट काउंटरों पर आरपीएफ जवानों की तैनाती कर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ वाले स्थानों की लगातार निगरानी के साथ यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की योजना बनाई जा रही है। रेलवे का फोकस इस बार सुविधा के साथ सुरक्षा पर भी है।

150 अतिरिक्त आरपीएफ जवान संभालेंगे सुरक्षा

आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि पितृपक्ष के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए 150 अतिरिक्त आरपीएफ बल की तैनाती की जाएगी।

भीड़ वाले स्थानों, प्रवेश-निकास द्वार और टिकट काउंटरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है।

जीआरपी की ओर से भी करीब 100 महिला और पुरुष पदाधिकारी एवं जवानों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। इस तरह स्टेशन पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ेगी।

मेला के दौरान भीड़ को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी पुलिस और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया जा रहा है।

निर्माण के बीच चुनौती बड़ी, श्रद्धालुओं की सुविधा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

गया जंक्शन के अलग-अलग प्लेटफार्म पर मेगा ब्लाक लेकर पुनर्विकास का काम किया जा रहा है। निर्माण के कारण फिलहाल यात्रियों को कुछ परेशानी हो रही है, लेकिन रेलवे का प्रयास है कि पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा प्रभावित न हो। विकास कार्य और मेला व्यवस्था के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश की जा रही है।

पितृपक्ष में देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों के लिए गया जंक्शन गयाजी का पहला बड़ा स्वागत स्थल होगा। ऐसे में रेलवे की तैयारियां इसी लिहाज से की जा रही हैं।

पुनर्विकास पूरा होने के बाद गया जंक्शन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी व्यवस्थित सुविधाओं का अनुभव मिलने की उम्मीद है।