Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गया जंक्शन बनेगा वर्ल्ड क्लास स्टेशन; संसदीय समिति की बैठक में रेल अधिकारियों ने दी बड़ी अपडेट

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 09:53 AM (IST)

    डीडीयू मंडल संसदीय समिति की बैठक में गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने की प्रगति पर चर्चा हुई। रेल अधिकारियों ने यात्री सुविधाओं के विस्तार और वि ...और पढ़ें

    डीडीयू मंडल संसदीय समित‍ि की बैठक में उपस्‍थ‍ित सांसद व अधिकारी।

    डीडीयू मंडल संसदीय समित‍ि की बैठक में उपस्‍थ‍ित सांसद व अधिकारी।

    HighLights

    1. गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने का कार्य प्रगति पर।

    2. डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों का पुनर्विकास अमृत भारत योजना में।

    3. सांसदों ने यात्री सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने पर दिया जोर।

    जागरण संवाददाता, गयाजी। डीडीयू मंडल संसदीय समिति की बैठक शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में हुई।

    बैठक में गया संसदीय क्षेत्र से जुड़े रेल विकास कार्यों, विशेषकर गया जंक्शन के वर्ल्ड क्लास स्टेशन निर्माण और यात्री सुविधाओं के विस्तार को प्रमुखता से उठाया गया।

    बैठक की अध्यक्षता पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने की। इसमें केंद्रीय मंत्री एवं गया सांसद जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि राजेश कुमार पांडेय सहित विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के सांसद एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

    DDU मंडल के 15 स्‍टेशनों का हो रहा कायाकल्‍प 

    बैठक में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों का पुनर्विकास तेजी से चल रहा है।

    इनमें गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ रहा है। स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं, प्रवेश-निकास, प्रतीक्षालय और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

    महाप्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल ने 92 हजार से अधिक यात्री ट्रेनों का सफल परिचालन किया।

    परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए डीडीयू-मानपुर रेलखंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटा की गति परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

    सांसदों ने यात्री सुविधा और सुरक्षा पर द‍िया जोर 

    इसके अलावा 4.5 किलोमीटर लंबी रुद्रास्त्र मालगाड़ी का सफल संचालन तथा दिसंबर माह में 905 वैगनों की रूटीन ओवरहाॅलिंग कर भारतीय रेल में नया रिकार्ड स्थापित किया गया। 

    बैठक में सांसदों ने रेल यात्रियों की सुविधाओं में और वृद्धि, आधारभूत संरचना को मजबूत करने, लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े रेल कार्यों में तेजी लाने के सुझाव दिए।

    महाप्रबंधक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव को प्राथमिकता के साथ अमल में लाने की बात कही। बैठक में काराकाट सांसद राजा राम सिंह, आरा सांसद सुदामा प्रसाद, सासाराम सांसद मनोज कुमार, औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा, राज्यसभा सांसद साधना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।