एक दिन में बना 'अरबपति', खाते में अरबों का बैलेंस देख बिहार का गरीब परिवार रह गया हैरान
मानपुर प्रखंड के तेतरिया गांव के राजमिस्त्री मजदूर निरंजन रविदास के बैंक खाते में अचानक 7.59 अरब रुपये से अधिक ...और पढ़ें

परिवार के सदस्य हैरान
HighLights
राजमिस्त्री मजदूर निरंजन रविदास के खाते में अरबों रुपये दिखे।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया है।
यह घटना मानपुर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
संवाद सूत्र, मानपुर(गयाजी)। मानपुर प्रखंड के कइया पंचायत अंतर्गत बुधगेरे मोड़ स्थित तेतरिया गांव के निवासी और राजमिस्त्री मजदूर निरंजन रविदास के बैंक खाते में अचानक 7 अरब 59 करोड़ 69 लाख 51 हजार 951 रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने का मामला सामने आया है।
खाते में इतनी बड़ी रकम देखकर निरंजन रविदास और उनके परिवार के सदस्य हैरान रह गए। देखते ही देखते यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
निरंजन रविदास का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बुधगेरे सीएसपी में संचालित है। शनिवार को वह अपने खाते से 500 रुपये निकालने के लिए सीएसपी केंद्र पहुंचे थे।
निकासी के दौरान सामने आया मामला
निकासी प्रक्रिया शुरू होने से पहले जब खाते की शेष राशि की जानकारी ली गई, तब खाते में अरबों रुपये की राशि दिखाई दी।
इतनी बड़ी रकम देखकर निरंजन के साथ-साथ सीएसपी कर्मी भी आश्चर्यचकित रह गए। निरंजन ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
उनकी आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं है और घर की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उन्हें पैसों की जरूरत थी। करीब दस दिन पहले उनके छोटे साढ़ू ने बाहर से उनके खाते में 10 हजार रुपये भेजे थे। उसी राशि में से कुछ पैसे निकालने के लिए वह सीएसपी केंद्र पहुंचे थे।
परिवार की बढ़ी चिंता
निरंजन ने बताया कि घर की परेशानी की जानकारी मिलने पर उनके साढ़ू ने मदद के तौर पर रुपये भेजे थे। लेकिन खाते में अचानक अरबों रुपये की राशि दिखाई देने के बाद परिवार के लोग भी चिंतित हो गए।
उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि यह राशि आखिर उनके खाते में कैसे दिखाई दे रही है। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
कई लोग इसे तकनीकी गड़बड़ी मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग मामले को लेकर हैरानी जता रहे हैं। परिवार फिलहाल बैंक की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
बैंक ने बताई तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
मामले की जानकारी लेने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुफस्सिल मोड़ स्थित शाखा से संपर्क किया गया। शाखा के सहायक प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि बैंक की ओर से किसी बड़ी राशि के ट्रांसफर की जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि बैंक के सिस्टम में भी इस तरह की कोई राशि प्रदर्शित नहीं हो रही है। प्राथमिक जांच में मामला तकनीकी गड़बड़ी से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
बैंक प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।फिलहाल खाते में अरबों रुपये दिखाई देने की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।