विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया में जमीन विवाद में 67 वर्षीय वृद्ध की हत्या, सिर पर धारदार हथियार से हमला

Published: Tue, 20 Oct 2026 04:57 PM (IST)

गया जिले के इमामगंज प्रखंड में जमीन विवाद को लेकर 67 वर्षीय वृद्ध ब्रह्मदेव यादव की हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

गया में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्‍या के बाद ब‍िलखते स्‍वजन। जागरण

गया में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्‍या के बाद ब‍िलखते स्‍वजन। जागरण

संवाद सूत्र, इमामगंज (गया)। गया जिले के इमामगंज प्रखंड के सोहेल-सलैया थाना क्षेत्र के सरदावा गांव में मंगलवार अल सुबह एक वृद्ध की हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान 67 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुल‍िस ने शव को पोस्‍टमार्टम के ल‍िए भेज दिया।  

सिर पर तेज हमला कर ली जान 

मृतक की छोटी बहू नीतू देवी ने बताया कि रोज की तरह अल सुबह स्वजन शौच के लिए घर के पीछे गए थे, तभी देखा कि ससुर खून से लथपथ पड़े हैं।

शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि गोतिया के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद के कारण उनके ससुर की हत्या की गई है।

स्वजन ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही सोहेल-सलैया थानाध्यक्ष रविकांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पोस्‍टमार्टम और जांच से खुलेगा राज 

मामले की छानबीन की। उन्होंने बताया कि वृद्ध के सिर पर किसी औजार से जोरदार हमला किया गया है जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, गया भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक स्वजन की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।

आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजनों के बयान के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी।  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।