रेल ट्रैक पर मिला शिक्षक का शव; दोनों पैर बंधे, कुचला था चेहरा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज के रिसौद गांव के पास एक शिक्षक मो. खैरुद्दीन का शव संदिग्ध हालत में रेल ट्रैक पर मिला। पुलिस हत्या की आशंका जताते हुए सभी प ...और पढ़ें

शिक्षक की हत्या कर रेल ट्रैक पर फेंका शव।
HighLights
शिक्षक का शव रेल ट्रैक पर मिला।
पैर बंधे, चेहरा क्षत-विक्षत, हत्या की आशंका।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही है जांच।
संवाद सूत्र, बेलागंज (गया)। गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज थाना क्षेत्र के रिसौद गांव के समीप शनिवार देर रात एक शिक्षक का शव रेल ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण हत्या कर उसे रेल हादसे का रूप देने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान बुनियादगंज थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी 36 वर्षीय मो. खैरुद्दीन के रूप में हुई है।
वह गया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-48 स्थित पठान टोली मोहल्ले के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची बेलागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शव रेल ट्रैक पर पड़ा हुआ था।
पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
स्वजन के अनुसार वह पूर्व में सऊदी अरब में रहते थे और वर्ष 2013 में सरकारी शिक्षक बने थे। उनके परिवार में पत्नी नसरीन खातून, पुत्र (14)सलमान अख्तर, पुत्री (12)मरियम परवीन और (10)मदीहा परवीन हैं।
पत्नी नसरीन खातून ने बताया कि शनिवार शाम उनकी पति से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने बताया था कि वह गया शहर के बाटा मोड़ के पास हैं।
बाद में दोबारा फोन पर बात होने पर उन्होंने शहर की एक दुकान में बैठे होने की जानकारी दी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।
रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली। पत्नी ने आरोप लगाया कि किसी साजिश के तहत उनके पति की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
मृतक के दोनों पैर गमछे से बंधे हुए थे, जबकि चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
आसपास के लोगों का कहना है कि जिस अवस्था में शव मिला है, उससे आशंका है कि पहले हत्या की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने अथवा घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को रेल पटरी पर फेंक दिया गया।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा कारण
बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हत्या, आत्महत्या अथवा दुर्घटना सहित हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिक्षक की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।