Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गया से समाज को नई सीख: दिखावे से दूर, अब खीर प्रसाद और पौधारोपण से होगी अपनों की विदाई

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 03:47 PM (GMT+05:30)

    गया की जयगीर पंचायत में अखिल भारतीय यादव महासभा ने मृत्यु भोज में फिजूलखर्ची रोकने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब ब्रह्मभोज के दिन खीर प्रसाद वितरण और ...और पढ़ें

    ब्रह्मभोज के दिन खीर प्रसाद का होगा वितरण

    ब्रह्मभोज के दिन खीर प्रसाद का होगा वितरण

    HighLights

    1. यादव महासभा ने मृत्यु भोज में फिजूलखर्ची रोकने का निर्णय लिया।

    2. ब्रह्मभोज पर खीर प्रसाद वितरण और पुष्पांजलि अर्पित होगी।

    3. दिवंगतों की याद में वृक्षारोपण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित।

    पंचायत सूत्र, जयगीर (गयाजी)। बाराचट्टी प्रखंड की जयगीर पंचायत में मृत्यु भोज की परंपरा को लेकर एक महत्वपूर्ण और सामाजिक बदलाव की शुरुआत हुई है। अखिल भारतीय यादव महासभा की बैठक में समाज के लोगों ने मृत्यु भोज में होने वाली फिजूलखर्ची पर रोक लगाने का ऐतिहासिक फैसला लिया।

    बैठक की अध्यक्षता इंद्रदेव यादव ने की। यह निर्णय बरवाडीह निवासी कारू यादव की पत्नी मालती देवी के निधन के बाद आयोजित शोकसभा के दौरान लिया गया। मालती देवी सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।

    धार्मिक संस्कार होंगे, लेकिन नहीं होगा अनावश्यक खर्च

    बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु के बाद सनातन धर्म से जुड़े सभी धार्मिक संस्कार पूर्व की तरह संपन्न कराए जाएंगे।

    हालांकि, मृत्यु भोज के नाम पर होने वाले अनावश्यक खर्च और सामाजिक दिखावे से दूरी बनाई जाएगी। समाज के लोगों ने इसे आर्थिक और सामाजिक रूप से बेहतर पहल बताया।

    इस फैसले का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम करना भी है।

    ब्रह्मभोज के दिन खीर प्रसाद का होगा वितरण

    बैठक में तय किया गया कि ब्रह्मभोज के दिन दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

    इसके बाद खीर बनाकर उसे प्रसाद के रूप में उपस्थित लोगों के बीच वितरित किया जाएगा। समाज के लोगों का मानना है कि श्रद्धा और सादगी के साथ किया गया यह आयोजन दिखावे से कहीं अधिक सार्थक होगा।

    इस फैसले को उपस्थित लोगों ने सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया।

    दिवंगतों की स्मृति में होगा वृक्षारोपण

    बैठक के दौरान ग्रामीण लालदेव यादव ने दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में वृक्षारोपण अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा।

    इस प्रस्ताव को उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया। माना गया कि किसी की याद में लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

    समाज के लोगों ने इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़कर देखा।

    परिजनों और ग्रामीणों ने फैसले का किया स्वागत

    मृतका के परिजनों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे समाज हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।

    बैठक में पूर्व मुखिया बालेश्वर यादव, पूर्व सरपंच रघुनंदन यादव, कमलेश यादव, कृष्ण यादव, होरिल यादव, सुदामा यादव, रामप्रवेश पासवान और विकास प्रजापति समेत बड़ी संख्या में यादव समाज और अन्य समुदायों के लोग मौजूद रहे।

    ग्रामीणों का मानना है कि यदि यह पहल आगे बढ़ती है, तो समाज में सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी की नई मिसाल कायम होगी।