गया में पूर्व प्रमुख के पति की सड़क हादसे में मौत, टेंपो से सिर बाहर करते ही अज्ञात वाहन से लगी टक्कर
गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र में पूर्व प्रमुख पति डॉ. धीरेंद्र पासवान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत ...और पढ़ें

सड़क हादसे में पूर्व प्रमुख पति की मौत। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पूर्व प्रमुख पति डॉ. धीरेंद्र पासवान की सड़क हादसे में मौत।
अज्ञात वाहन ने NH 70 पर सिर में जोरदार टक्कर मारी।
पत्नी को डॉक्टर दिखाने गया जाते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा।
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। टनकुप्पा थाना क्षेत्र के बरतारा निवासी सह पूर्व प्रमुख पति डाॅ. धीरेंद्र पासवान (53 वर्ष) की शनिवार की सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
पत्नी का इलाज के लिए टेंपू से गया ले जाने के दौरान द्वारिका गांव के समीप एसएच 70 पर अज्ञात वाहन ने उनके सिर में जोरदार टक्कर मार दी और वाहन लेकर चालक फरार हो गया। हादसे में टेंपू पर सवार अन्य लोगों को भी आंशिक चोटें आईं।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह करीब चार बजे डाॅ. धीरेन्द्र पासवान अपनी पत्नी पूर्व प्रमुख माला देवी, बेटी सोनी कुमारी और साढ़ू विनोद पासवान के साथ टेंपू से गया जा रहे थे।
गाड़ी से सिर निकालते ही लगी जोरदार टक्कर
टेंपू में अन्य चार-पांच और लोग थे। द्वारिका गांव के पास बारिश के कारण एक पेड़ सड़क की ओर झुक गया था। इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी।
इसी दौरान स्थिति देखने के लिए धीरेन्द्र पासवान ने टेंपू से सिर बाहर निकाला। तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनके सिर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर से अधिक खून बहने लगा
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पहचान होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टनकुप्पा ले जाया गया। चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चीख पुकार में बदल गया घर बरतारा बाजार में पसरा मातम
सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में चीख पुकार मच गई। पत्नी और स्वजन का रो रोकर बुरा हाल था। बरतारा बाजार में भी मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक जताया। थानाध्यक्ष बसंत कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज गया भेज दिया गया है।
