गया: अवैध उत्खनन से बने गड्ढे में डूबने से वृद्ध की मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा
डोभी के निलांजन नदी में अवैध बालू उत्खनन से बने गहरे गड्ढे में डूबने से मंझौली गांव के जटटू मिस्त्री की मौत हो गई। ...और पढ़ें

गड्ढे में डूबने से वृद्ध की मौत
HighLights
अवैध बालू उत्खनन से बने गड्ढे में डूबकर मौत।
मंझौली गांव के जटटू मिस्त्री की हुई दुखद मृत्यु।
आक्रोशित ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ किया हंगामा।
संवाद सूत्र, डोभी। निलांजन नदी में बालू के अवैध उत्खनन से बने गहरे गड्ढे में जमा पानी में डूबने से मंझौली गांव निवासी जटटू मिस्त्री की मौत हो गई। गुरुवार सुबह उनका शव पानी में छापलाया हुआ मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नदी घाट पर पहुंचकर अवैध बालू उठाव के खिलाफ जमकर हंगामा किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
शौच के लिए घर से निकला था मृतक
मृतक की पत्नी मालती देवी ने बताया कि जटटू मिस्त्री बुधवार सुबह घर से शौच के लिए निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने नदी में बने एक गहरे गड्ढे में उनका शव छापलाया देखा। इसके बाद घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
कई घंटे के मशक्कत के बाद शव को निकाला
सूचना मिलने पर बाराचट्टी थाना पुलिस तथा शेरघाटी डीएसपी-2 राजन कुमार, अंचल अधिकारी अरुण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
कई घंटे के मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को बहार निकालने दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया गया है।
अंचल अधिकारी ने मृतक के स्वजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना और आपदा के तहत मिलने वाली राशि देने की बात कही है।
अवैध उत्खनन से नदी में बने गड्ढे
अधिकारियों के समाने ग्रामीणों ने निलांजन नदी से लंबे समय से नियमों की अनदेखी कर बालू का अवैध उत्खनन करने की बात कही। भारी मशीनों और वाहनों के माध्यम से लगातार बालू उठाव होने से नदी में कई बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी जमा रहता है।
इन गड्ढों के कारण पहले भी हादसों की आशंका जताई जाती रही है। नदी किनारे की मिट्टी तक ठेकेदारों द्वारा काटकर बेची जा रही है, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप बदल रहा है और आसपास के लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।