Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NH-119D: 55 क‍िमी लंबा एक्‍सप्रेसवे लि‍खेगा क्षेत्र के रोजगार और व‍िकास की नई कहानी; कब तक होगा तैयार?

    By Ashish Kumar Edited By: Vyas Chandra
    Updated: Tue, 06 Jan 2026 05:34 PM (IST)

    आम‍स-दरभंगा एक्सप्रेस-वे (NH-119D) गुरारु, गया के लिए एक बड़ी सौगात है, जो इस वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। यह महत्वाकांक्षी फोरलेन परियोजना ...और पढ़ें

    गया के गुरारू में बन रहा पुल। जागरण

    गया के गुरारू में बन रहा पुल। जागरण

    HighLights

    1. आम‍स-दरभंगा एक्सप्रेस-वे इस वर्ष के अंत तक होगा तैयार।

    2. गुरारु को पटना से सीधे जोड़ेगा, यात्रा होगी आसान।

    3. रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित होंगे।

    संवाद सूत्र, गुरारु (गया)। Amas-Darbhanga Expressway: गया जिले के गुरारु प्रखंड के लिए बड़ी सौगात के रूप में आमस से दरभंगा तक निर्माणाधीन फोरलेन एक्सप्रेस-वे एनएच-119डी जल्द तैयार होने की कगार पर है।

    भारतमाला परियोजना के तहत बन रहा यह महत्वाकांक्षी एक्सप्रेस-वे इस वर्ष के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है। पहले इसके निर्माण का लक्ष्य मार्च 2026 निर्धारित किया गया था।

    कार्य की गति को देखते हुए इसे समय से पहले पूरा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। एक्सप्रेस-वे के निर्माण से गुरारु प्रखंड बिहार की राजधानी पटना से सीधे जुड़ जाएगा।

    पटना का सफर हो जाएगा आसान

    यह मार्ग पटना के रामनगर बेल्दारीचक, पटना रिंग रोड, जट डुमरी, कच्ची दरगाह और पटना सिटी से होकर अथवा इनके निकट से गुजरते हुए आवागमन को बेहद आसान बना देगा।

    इससे न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। गुरारु प्रखंड में एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव के लिए दो प्रमुख स्थानों पर प्रवेश एवं निकास की सुविधा विकसित की जा रही है।

    पहला स्थान मथुरापुर के रानीबाजार के समीप मथुरापुर-गुरारु स्टेट हाईवे-69 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास होगा। दूसरा प्रवेश तथा निकास बिंदु गुरारु बाजार के समीप आजाद विगहा गांव के पास गया-रफीगंज सड़क तथा गुरारु-परैया रेल लाइन पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निकट प्रस्तावित है।

    रैंप और टोल प्‍लाजा का हो रहा निर्माण 

    इन दोनों स्थानों पर एक्सप्रेस-वे के लिए स्लीप रोड और रैंप के साथ टोल प्लाजा का निर्माण हो रहा है। इन टोल प्लाजा और रैंप के आसपास नए व्यावसायिक केंद्र, बाजार और सेवाक्षेत्र विकसित होने की पूरी संभावना है।

    इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। क्षेत्र के आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि एक्सप्रेस-वे गुरारु और आसपास के ग्रामीण इलाकों में गरीबी उन्मूलन और आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 

    गया जिले में इस एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई लगभग 55 किलोमीटर होगी। यह आमस से शुरू होकर मखदुमपुर के समीप शिवरामपुर गांव के पास जहानाबाद जिले में प्रवेश करेगा।

    जिले के भीतर तीन नदियों पर तीन बड़े पुलों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही दो स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। इन सभी संरचनाओं को इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 

    कुल मिलाकर, आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे गुरारु प्रखंड को न केवल पटना से जोड़ेगा, बल्कि इसे विकास के नए पथ पर अग्रसर करते हुए क्षेत्र की तस्वीर बदलने में अहम साबित होगा।

    खबरें और भी