बिहार-झारखंड को जोड़ने वाली नई रेल लाइन को मंजूरी; परैया से चतरा तक बिछेगा ट्रैक
केंद्र सरकार ने गया के परैया से झारखंड के चतरा तक 75.1 किमी लंबी नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी है। यह विशेष रेल परियोजना बिहार और झारखंड ...और पढ़ें

परैया से चतरा तक बिछेगी नई लाइन। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
परैया से चतरा तक 75.1 किमी नई रेल लाइन।
केंद्र सरकार ने परियोजना को दी है मंजूरी।
बिहार-झारखंड के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी, विकास।
संवाद सूत्र, गुरारु (गया)। बिहार और झारखंड के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने गया जिले के परैया रेलवे स्टेशन से झारखंड के चतरा तक नई रेल लाइन बिछाने की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है।
75 किमी से अधिक बिछेगी लाइन
रेल मंत्रालय ने इस परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित करते हुए राजपत्र भी प्रकाशित कर दिया है। परियोजना के तहत परैया रेलवे स्टेशन से चतरा तक 75.1 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज रेल लाइन बिछाई जाएगी।
इसके अलावा कष्ठा की ओर 4.95 किलोमीटर लंबा वाई कनेक्शन भी बनाया जाएगा, जिससे ट्रेनों का संचालन और अधिक सुगम हो सकेगा।
इस रेल परियोजना के पूरा होने के बाद परैया रेलवे स्टेशन का महत्व काफी बढ़ जाएगा और इसे जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे गया जिले के साथ-साथ झारखंड के चतरा क्षेत्र के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि अब परियोजना के लिए सर्वे का कार्य शुरू किया जाएगा।
सर्वे के बाद बनेगा डीपीआर
सर्वे के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार होगी, जिसके आधार पर नए रेलवे स्टेशनों और अन्य संरचनाओं की योजना तय की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वाई कनेक्शन बनने से ट्रेनों को चतरा दिशा की ओर आसानी से मोड़ा जा सकेगा। माना जा रहा है कि यह रेल लाइन बिहार और झारखंड के बीच व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी।
स्थानीय लोगों में इस परियोजना को लेकर उत्साह है। लोगों का मानना है कि नई रेल लाइन से रोजगार, कारोबार और परिवहन सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा, वहीं क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें- 2300 करोड़ से बनेगी आरा-बलिया रेल लाइन; 78 करोड़ का सर्वे पूरा; अब निर्माण का इंतजार, पूर्वांचल के लिए बड़ी सौगात