111 करोड़ का बजट; शेरघाटी में सफाई, ट्रैफिक और सौंदर्यीकरण से बदलेगी तस्वीर
शेरघाटी नगर परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 111 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पारित किया, जो पिछले वर्ष से 42% अधिक है। बैठक में नगर विकास, स्वच्छत ...और पढ़ें

नगर परिषद की बैठक में मुख्य पार्षद व अन्य। जागरण
HighLights
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 111 करोड़ का बजट पारित।
नगर विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान।
कर संग्रह बढ़ाने और अतिक्रमण हटाने का भी निर्णय।
संवाद सहयोगी, शेरघाटी (गया)। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बुधवार को नगर परिषद कार्यालय के सभा कक्ष में बजटीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 111 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पारित किया गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह बजट 78 करोड़ रुपये था।
नगर विकास पर कई निर्णय
मुख्य पार्षद गीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यपालक पदाधिकारी ऋचा प्रियदर्शिनी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में लगभग 75 करोड़ रुपये की आमदनी का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में कुल 9200 घर हैं, जिनमें से करीब 6 हजार घरों ने होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर दिया है, जो आय का प्रमुख स्रोत बनकर उभरा है।
बिना अनुमति नहीं लगा सकेंगे विज्ञापन
बैठक में कर संग्रह बढ़ाने और नए स्रोत तलाशने पर भी चर्चा की गई। स्वच्छता प्रभारी सुमित सौरभ ने कहा कि नगर में बिना अनुमति विज्ञापन लगाने की अनुमति नहीं होगी।
कर जमा करने के बाद ही बैनर-पोस्टर लगाए जा सकेंगे। साथ ही बस स्टैंड और पार्किंग की निविदा राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
नगर परिषद क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए मधुबनी पेंटिंग का कार्य जारी रखने, तिरंगा रोशनी लगाने तथा नई बाजार तिराहा पर वाटर फव्वारा स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
इसके अलावा प्रवेश और निकास द्वारों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा तथा थाना मोड़ से चेरकी-गया मार्ग तक अतिक्रमण हटाने के लिए मापी कराने का निर्णय लिया गया।
कार्यालय के पीछे निर्माणाधीन सम्राट अशोक भवन के आसपास के क्षेत्र को भी विकसित कर सुंदर बनाया जाएगा। बैठक में उप मुख्य पार्षद तारकेश्वर चौधरी, वार्ड पार्षद शशिरंजन सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रभात कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।