गयाजी में सड़क हादसे में थाईलैंड के बौद्ध भिक्षु की मौत, पार्थिव शरीर को भेजा गया बैंकॉक
बोधगया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय थाई बौद्ध भिक्षु ओम फ्रा समरोएंग की मौत हो गई। शनिवार को भूरा पालो बौद्ध मठ के पास एक तेज रफ्तार बाइक न ...और पढ़ें
-1774182845290_m.webp)
बुद्धा सेविका बौद्ध मठ में मृतक के आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते बौद्ध भिक्षु। जागरण
HighLights
थाई बौद्ध भिक्षु ओम फ्रा समरोएंग की बोधगया में मौत।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए।
पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर बैंकॉक के लिए रवाना।
संवाद सूत्र, बोधगया। बोधगया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में थाईलैंड के 63 वर्षीय बौद्ध भिक्षु ओम फ्रा समरोएंग की मौत हो गई। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके देश बैंकॉक के चाय नाट शहर भेज दिया गया, जहां स्वजनों द्वारा उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, भिक्षु के शव को पहले बोधगया से कोलकाता ले जाया जा रहा है, जहां से कार्गो विमान के जरिए बैंकॉक भेजा जाएगा।
इससे पहले बोधगया स्थित बुद्धा सेविका बौद्ध मठ में भिक्षु की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें कई भिक्षुओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाइक सवार ने मारी टक्कर
बताया जाता है कि बीते शनिवार को बोधगया थाना क्षेत्र के भूरा पालो बौद्ध मठ के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने भिक्षु को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद बाइक सवार युवक उन्हें सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल भिक्षु को बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और फरार बाइक सवारों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक भिक्षु पिछले 26 दिनों से बोधगया के बुद्धा सेविका बौद्ध मठ में ठहरे हुए थे और प्रतिदिन महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध के दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए जाते थे।
इसी दौरान यह सड़क हादसा हुआ। इस मामले में बोधगया थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यातयात पुलिस ने फर्दबयान दर्ज किया है, घटना के अंजाम देने वाले बाइक चालक की तलाश की जा रही है।