5000 करोड़ से बदलेगी बिहार के शहरों की सूरत, विश्व बैंक की टीम ने किया गयाजी का दौरा
विश्व बैंक के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बिहार अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम के तहत गयाजी और बोधगया में शहरी विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

गया में निरीक्षण करने पहुंची टीम। फोटो जागरण
HighLights
विश्व बैंक टीम ने गयाजी-बोधगया की विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
बिहार के शहरी विकास हेतु 5000 करोड़ का निवेश प्रस्तावित।
विष्णुपद कॉरिडोर, स्टेडियम विकास, वेंडिंग जोन पर चर्चा।
जागरण संवाददाता, गयाजी। बिहार अर्बन ट्रांसफार्मेशन प्रोग्राम (बीयूटीपी) के अंतर्गत विश्व बैंक की एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गयाजी एवं बोधगया में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल के जिला सर्किट हाउस आगमन पर नगर आयुक्त सह अपर समाहर्ता आदित्य कुमार पीयूष द्वारा स्वागत किया गया।
इस अवसर पर आयोजित प्रस्तुतीकरण सत्र में प्रतिनिधिमंडल को गयाजी शहर में संचालित शहरी विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।
प्रस्तुतीकरण के दौरान शहर सौंदर्यीकरण, स्वच्छता प्रबंधन, भूमिगत जल निकासी एवं सीवरेज नेटवर्क के विस्तार, नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं चौक क्षेत्रों को पैदल यात्री अनुकूल बनाए जाने संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल का क्षेत्रीय भ्रमण इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ हुआ। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम को आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके उपरांत टीम ने नवनिर्मित विरासत स्तंभ का अवलोकन किया तथा मिर्जा गालिब गोलंबर के समीप प्रस्तावित वेंडिंग ज़ोन परियोजना का निरीक्षण किया। जिसके लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है।
विष्णुपद कॉरिडोर विकास विकास योजना की प्रगति की किया समीक्षा
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने विष्णुपद मंदिर परिसर का भ्रमण कर विष्णुपद कारिडोर विकास परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। टीम द्वारा मंदिर परिसर एवं उससे संबद्ध घाट क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अवस्थित संरचनाओं के संभावित पुनर्स्थापन, नागरिक सुविधाओं के पुनर्निर्माण, पहुंच मार्गों के उन्नयन, बहुस्तरीय वाहन पार्किंग के निर्माण तथा भगवान श्री विष्णु की भव्य प्रतिमा स्थापना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
विश्व बैंक प्रथम चरण में शहर में करेगा कई कार्य
विश्व बैंक द्वारा बिहार अर्बन ट्रांसफार्मेशन प्रोग्राम के अंतर्गत राज्य में आगामी पांच वर्षों के दौरान शहरी एवं आधारभूत संरचना विकास हेतु लगभग पांच हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। कार्यक्रम के प्रथम चरण में पटना, गयाजी एवं मुजफ्फरपुर को सम्मिलित करते हुए राज्य के प्रथम अर्बन एक्सियल नोड के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है।
खबरें और भी
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल एवं राज्य व स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के बीच विभिन्न शहरी संरचना परियोजनाओं, दीर्घकालिक नगरीय नियोजन, आर्थिक विकास की संभावनाओं तथा शहरों के भावी विस्तार संबंधी विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त राज्य अमेरिका, इटली एवं जापान सहित विभिन्न देशों से आए शहरी नियोजन विशेषज्ञ, संरचना विशेषज्ञ एवं अर्थशास्त्री शामिल थे। निरीक्षण कार्यक्रम उप नगर आयुक्त शशिकांत कुमार, टाउन प्लानर अन्य संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- बिहार के शहरों के लिए तैयार हो रहा 10 साल का ब्लूप्रिंट, विश्व बैंक देगा साथ