गोपालगंज में विदेश भेजने के नाम पर 3 करोड़ की ठगी, कार्रवाई न होने पर पीड़ितों ने दिया धरना
गोपालगंज में विदेश भेजने के नाम पर 3 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ितों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया।

कार्रवाई न होने पर पीड़ितों ने दिया धरना
HighLights
विदेश भेजने के नाम पर 3 करोड़ की ठगी।
पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ितों का धरना।
आरोपियों की गिरफ्तारी और राशि वापसी की मांग।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। विदेश भेजने के नाम पर करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ितों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि शहर के जादोपुर रोड स्थित कैलाश होटल के समीप संचालित एक कथित फर्जी विदेश भेजने वाले कार्यालय के कर्मियों ने उत्तर प्रदेश के अलावा गोपालगंज जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के कई लोगों को अपना शिकार बनाया है।
आरोपितों ने विदेश भेजने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
15 अक्टूबर को प्राथमिकी कराई गई
पीड़ितों चनेश्वर राम, राेहित तिवारी, नितेश तिवारी व वीरेंद्र शर्मा के अनुसार, इस मामले में नगर थाना में बीते 15 अक्टूबर को प्राथमिकी कराई गई थी। प्राथमिकी होने के बाद भी अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नाराज होकर मंगलवार को सभी पीड़ित एकजुट होकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
धरना दे रहे लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने, आरोपित कार्यालय संचालकों और कर्मियों को गिरफ्तार करने तथा ठगी की गई राशि वापस दिलाने की मांग की। इस दौरान पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी से मुलाकात करने की मांग भी की।
मामले में उचित कार्रवाई करने का भरोसा
वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने पीड़ितों से उनका आवेदन प्राप्त किया और मामले में उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया। पीड़ितों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।
इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अनुसंधान की प्रकिया चल रही है। आरोपितों के ठिकानों पर पुलिस के तरफ से छापेमारी भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में पति ने साथ रखने से किया इनकार, सड़क पर कॉलर पकड़कर घसीटने लगी नाराज पत्नी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।