Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    JDU विधायक अनंत सिंह के स्‍वागत में लहराये गए हथ‍ियार! गोपालगंज का VIDEO वायरल

    By Valmiki GiriEdited By: vyas Chandra
    Updated: Mon, 04 May 2026 10:13 AM (IST)

    गोपालगंज में जदयू विधायक अनंत सिंह के स्वागत कार्यक्रम में समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. जदयू विधायक अनंत सिंह के स्वागत में हथियार लहराए गए।

    2. गोपालगंज के सेमराव गांव में उपनयन कार्यक्रम का वीडियो।

    3. पुलिस ने वीडियो की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

    जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले में एक कार्यक्रम के दौरान खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

    बताया जा रहा है कि मोकामा के जदयू व‍िधायक अनंत सिंह के स्वागत के दौरान समर्थकों ने भोजपुरी गाने पर डांस करते हुए हथियारों का प्रदर्शन किया।

    हालांकि, वायरल वीडियो कब और कहां का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम में विधायक शामिल होने पहुंचे थे।

    भोजपुरी गाने की धुन पर लहराये हथ‍ियार

    इसी दौरान स्वागत में जुटे कुछ युवक गाने की धुन पर झूमते हुए हाथों में हथियार लेकर लहराते नजर आए। वीडियो में स्पष्ट रूप से कुछ युवकों को हथियारों के साथ प्रदर्शन करते देखा जा सकता है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है।

    मामले को लेकर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार असली थे या लाइसेंसी।

    पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

    मंदिर में भी पहुंचे विधायक

    इधर, अनंत सिंह रविवार को थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने भी पहुंचे।मंदिर के प्रधान पुजारी संजय पांडेय और मुकेश पांडेय ने विधि-विधान से पूजा कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात रहे।