विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में कार गैराज में भीषण आग, देखते ही देखते राख हो गईं 20 कारें; मची अफरातफरी

Published: Fri, 30 Oct 2026 04:23 PM (IST)

गोपालगंज के बंजारी मोड़ स्थित एक कार गैराज में भीषण आग लगने से करीब 20 कारें जलकर राख हो गईं। ...और पढ़ें

HighLights

  1. गोपालगंज के बंजारी मोड़ पर कार गैराज में आग।

  2. करीब 20 कारें जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका।

  3. अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। शहर के बंजारी मोड़ के समीप स्थित एक कार गैराज में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई।

आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते गैराज में खड़ी करीब 20 कारें जलकर राख हो गईं। आग की लपटें और आसमान में उठते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन विभाग के डीएसपी विकास कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बंजारी मोड़ के समीप गैराज में शाॅर्ट सर्किट से लगी आग

कार गैराज के मालिक गोपाल केडिया ने बताया कि शाॅर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। आग की चपेट में आने से गैराज में खड़ी करीब 20 कारें पूरी तरह जल गईं।

उन्होंने बताया कि जिन लोगों की गाड़ियां गैराज में खड़ी थीं, उनके मालिकों को घटना की जानकारी देकर मौके पर बुलाया गया है।

हालांकि, आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है। वहीं नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर व डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची थी।

आसपास के इलाके को कराया गया खाली

आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराने का काम शुरू कर दिया। गैराज से उठ रहे धुएं के घने गुबार के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

पास में स्थित बैंक के सभी कर्मी सुरक्षा के मद्देनजर छत पर चले गए। वहीं, आग के फैलने की आशंका को देखते हुए समीप के पेट्रोल पंप को भी कुछ देर के लिए बंद करा दिया गया, ताकि किसी तरह की बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

विधायक व एमएलसी ने ली घटना की जानकारी

घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा विधायक सुभाष सिंह और विधान पार्षद राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने गैराज मालिक और मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली।

वहीं, पुलिस की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

अग्निशमन विभाग और पुलिस की ओर से आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद गैराज में खड़ी गाड़ियों के मालिकों की चिंता बढ़ गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।