Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ईरान अमेरिका हमले में गोपालगंज के इंजीनियर की मौत, मां बोलीं- बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी, अब सब खत्म

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 05:09 PM (IST)

    गोपालगंज के थावे निवासी रोहन गुप्ता की ईरान-अमेरिका तनाव के बीच हरमूज बॉर्डर के पास हुए ईरानी हमले में मौत हो गई। दुबई की शिपिंग कंपनी में इंजीनियर रो ...और पढ़ें

    मृतक के पिता और अन्य ग्रामीण

    मृतक के पिता और अन्य ग्रामीण

    HighLights

    1. गोपालगंज के रोहन गुप्ता की ईरान हमले में मौत।

    2. हरमूज बॉर्डर के पास हुए हमले में जहाज क्षतिग्रस्त हुआ।

    3. शादी की तैयारी के बीच परिवार में गहरा शोक।

    संवाद सूत्र, थावे (गोपालगंज)। ईरान-अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच गोपालगंज के थावे निवासी रोहन उर्फ सोनू गुप्ता की ईरान के हमले में मौत हो गई। रोहन दुबई की एक शिपिंग कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।

    घटना की सूचना कंपनी ने फोन के माध्यम से परिवार को दी। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    gopalganj 1

    हरमूज बॉर्डर के पास हुआ हमला

    मृतक के पिता संजय प्रसाद गुप्ता ने बताया कि रोहन जिस जहाज पर तैनात थे, वह सऊदी अरब से हरमूज की ओर जा रहा था। इसी दौरान हरमूज बॉर्डर के पास ईरान की ओर से हुए बम हमले में जहाज गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।

    हादसे में घायल सभी कर्मचारियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रोहन ने दम तोड़ दिया। कंपनी ने फोन कर परिवार को इस दुखद घटना की जानकारी दी।

    gopalganj 2

    मां बोलीं- बेटे की शादी की चल रही थी तैयारी

    रोहन की मां राजकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं और कई रिश्ते भी आ रहे थे।

    जनवरी के अंतिम सप्ताह में रोहन घर आए थे और 8 जून को दोबारा ड्यूटी पर लौटे थे। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में शहनाई बजेगी।

    लेकिन शादी से पहले ही बेटे की मौत ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।

    पांच साल से जहाज पर कर रहे थे नौकरी

    रोहन पिछले करीब पांच वर्षों से जहाज पर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि दोनों बड़े भाइयों की शादी हो चुकी है।

    मृतक के पिता थावे बाजार में जूता-चप्पल की दुकान चलाते हैं। पुत्र की मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदारों और परिचितों का घर पर तांता लग गया। गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

    सांत्वना देने उमड़े लोग

    घटना की जानकारी मिलते ही थावे बाजार और आसपास के लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई। पूर्व मुखिया ओम प्रकाश राय, मुखिया मनीष गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी परिवार से मिलने पहुंचे।

    स्थानीय व्यवसायियों ने भी शोक व्यक्त किया और परिजनों को ढांढस बंधाया। पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना की चर्चा है। हर कोई रोहन की असामयिक मौत को बेहद पीड़ादायक बता रहा है।

    खबरें और भी