विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NH-27 से NH-531 तक सीधे कनेक्ट होगा गोपालगंज; शहर में बिना घुसे सिवान-देवरिया पहुंचेंगे वाहन, बन रहा नया बाईपास

Published: Mon, 15 Jun 2026 08:34 AM (IST)

गोपालगंज में दानापुर से तुरकहा तक ग्रीन फील्ड बाईपास का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह परियोजना जिले ...और पढ़ें

गोपालगंज में चल रहा बाईपास का निर्माण। जागरण

गोपालगंज में चल रहा बाईपास का निर्माण। जागरण

संवाद सूत्र, मांझा (गोपालगंज)। जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए दानापुर एनएच-27 से तुरकहा एनएच-531 तक ग्रीन फील्ड बाईपास निर्माण परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है।

पथ निर्माण विभाग ने परियोजना से जुड़े कार्यों को तेज करते हुए पुल-पुलिया निर्माण और मिट्टी भराई का काम शुरू करा दिया है। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

बाईपास दानापुर एनएच-27 से शुरू होकर मांझा पुरानी बाजार नहर पुल, बहोराहाता, देवापुर शेखपुदील और कबिलासपुर होते हुए तुरकहा एनएच-531 तक पहुंचेगा।

नहर पर पुल-पुलिया निर्माण और मिट्टी भराई का कार्य शुरू

करीब 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना से जिले की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। वर्तमान में तुरकहा से मांझा के बहोराहाता गांव तक सारण नहर पर पुल-पुलिया निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

इसके साथ ही सड़क निर्माण के लिए मिट्टी भराई भी शुरू कर दी गई है। बाइपास बनने के बाद मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और पटना की ओर से आने वाले वाहनों को सिवान व देवरिया जाने के लिए शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।

वाहन सीधे बाइपास के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या कम होगी और भारी वाहनों का दबाव भी घटेगा।

प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने की थी परियोजना की घोषणा

परियोजना का लाभ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से लोगों की आवाजाही आसान होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य की नियमित मानिटरिंग की जा रही है ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जा सके।

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में जिले की प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दानापुर से तुरकहा तक बाइपास सड़क निर्माण की घोषणा की थी। अब परियोजना धरातल पर उतरने लगी है, जिससे लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।