गोपालगंज में 16 अगस्त से जमीन रजिस्ट्री होगी पेपरलेस, तुरंत मिलेंगे डिजिटल दस्तावेज
गोपालगंज में 16 अगस्त से जमीन की रजिस्ट्री पेपरलेस होगी, जिससे लोगों को कागजी दस्तावेजों के बोझ से राहत मिलेगी। इस नई व्यवस्था से रजिस्ट्री प्रक्रिया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
16 अगस्त से गोपालगंज में पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था शुरू।
रजिस्ट्री के तुरंत बाद डिजिटल दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध होंगे।
प्रक्रिया में पारदर्शिता, गति और कागजी बोझ से राहत मिलेगी।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब रजिस्ट्री के लिए कागजी दस्तावेजों का बोझ कम होने जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर गोपालगंज जिला निबंधन कार्यालय में 16 अगस्त से पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी होगी और रजिस्ट्री के तुरंत बाद संबंधित दस्तावेज आनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। इससे लोगों को दस्तावेज के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत रजिस्ट्री से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन और रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ तेजी आने की उम्मीद है।
डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहने से दस्तावेजों के रखरखाव, खोज और सत्यापन में भी सहूलियत होगी। साथ ही कागजी दस्तावेज के गुम होने या क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी कम होगी।
पेपरलेस व्यवस्था को लागू करने के लिए जिला निबंधन कार्यालय में तकनीकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आवश्यक साफ्टवेयर और डिजिटल प्रणाली को दुरुस्त करने के साथ कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित तिथि से लोगों को नई व्यवस्था का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
16 अगस्त से शुरू होने की संभावना
जिला अवर निबंधक काली आशीष ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था लागू करने की तैयारी चल रही है। विभाग से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हो चुके हैं।
सभी तकनीकी तैयारियां समय पर पूरी होने पर 16 अगस्त से नई व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। इससे लोगों को सरल, पारदर्शी और त्वरित रजिस्ट्री सेवा उपलब्ध होगी।
यह भी पढ़ें- पटना में गंगा की लहरों में सिर्फ मछली नहीं, किस्मत तलाशता है ये मछुआरा… तस्वीर की कहानी दिल छू लेगी