बिहार पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए 15 सितंबर तक करें आवेदन, बैंक खाते से लिंक होना चाहिए आधार
गोपालगंज में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। ...और पढ़ें

गोपालगंज में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरू (AI Generated Image)
HighLights
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू।
आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित।
आधार सीडेड बैंक खाता अनिवार्य, त्रुटि सुधार के तीन अवसर।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आरंभ हो गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, सरकारी एवं निजी आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, बीएड तथा डीएलएड कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कराने का निर्देश दिया है।
छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर तक पीएमएस पोर्टल के माध्यम से किए जा सकेंगे। आवेदन के लिए आवासीय, आय एवं जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य हैं। आय प्रमाण पत्र एक अप्रैल 2026 या उसके बाद का होना चाहिए, और आधार का बैंक खाते से डीबीटी के लिए सीड होना भी आवश्यक है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आधार सीडिंग पूरी नहीं होने पर आवेदन फाइनल नहीं किया जा सकेगा और छात्रवृत्ति की राशि भी खाते में हस्तांतरित नहीं होगी।
आदेश में यह भी कहा गया है कि अपलोड किए गए प्रमाण पत्रों के सफल सत्यापन के बाद ही छात्रवृत्ति स्वीकृत होगी। आवेदन में त्रुटि मिलने पर छात्रों को सुधार के लिए अधिकतम तीन अवसर दिए जाएंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देने और ऑनलाइन आवेदन में सहयोग करने का निर्देश दिया है।