गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा जुलूस का दिखा जोश, विधायक सुभाष सिंह ने भांजी लाठी तो तालियों से गूंज उठा मौनिया चौक
गोपालगंज के मौनिया चौक पर महावीरी अखाड़ा जुलूस उत्साह के साथ निकला, जिसमें सदर विधायक सुभाष सिंह ने लाठी भांजकर ...और पढ़ें
HighLights
विधायक सुभाष सिंह ने लाठी भांजकर दिखाए पारंपरिक करतब।
गोपालगंज के मौनिया चौक पर निकला महावीरी अखाड़ा जुलूस।
युवाओं ने पारंपरिक हथियारों से अपनी कला का प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। शहर के मौनिया चौक पर शुक्रवार को महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
जुलूस में सदर विधायक सुभाष सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अखाड़े में पहुंचकर पारंपरिक अंदाज में लाठी भांजकर करतब दिखाया। विधायक को लाठी भांजते देख मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर उत्साह जताया।
महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर सुबह से ही शहर में श्रद्धालुओं और लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। विभिन्न अखाड़ों के जुलूस पारंपरिक वेशभूषा और गाजे-बाजे के साथ मौनिया चौक पहुंचे।
युवाओं ने पारंपरिक हथियारों के साथ दिखाए करतब
इस दौरान अखाड़ों में शामिल युवाओं ने लाठी, तलवार व अन्य पारंपरिक हथियारों से करतब दिखाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इसी बीच सदर विधायक सुभाष सिंह भी मौनिया चौक पहुंचे और अखाड़ा जुलूस में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खुद लाठी हाथ में लेकर अखाड़े में करतब दिखाया।
विधायक के इस अंदाज को देखकर आसपास मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और उनके करतब की सराहना की।
विधायक ने भांजी लाठी तो जोश में आए लोग
महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर शहर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में आगे बढ़ता रहा। मौनिया चौक समेत आसपास के इलाकों में देर तक श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ बनी रही।
