NH-727बी परियोजना पर तनाव; 24 घंटे निगरानी में 5 गांव, निर्माण एजेंसी के अगले कदम पर नजर
गोपालगंज के भोरे में एनएच-727बी के निर्माण को लेकर किसानों के मुआवजे विवाद के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ निर्मा ...और पढ़ें

एनएच 727 बी का जल्द शुरू होगा निर्माण। जागरण
HighLights
एनएच-727बी निर्माण पर किसानों का मुआवजा विवाद जारी।
प्रशासन ने निर्माण स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया।
सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
संवाद सूत्र, भोरे (गोपालगंज)। नेशनल हाईवे-727बी के निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है।
मुआवजे की मांग को लेकर किसानों के विरोध के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्माण स्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती की तैयारी पूरी कर ली है।
हालांकि अब तक कार्यदायी एजेंसी की ओर से प्रशासन के साथ औपचारिक समन्वय नहीं किया गया है। हथुआ अनुमंडल प्रशासन ने दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का संयुक्त आदेश जारी कर दिया है।
मुआवजे को लेकर किसानों का विरोध जारी
इसके बाद अब सबकी नजर निर्माण एजेंसी की अगली कार्रवाई पर टिकी है। सूत्रों के मुताबिक, मेसर्स कालूवाला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड इस बार पूरी तैयारी के साथ कार्यस्थल पर उतरने की रणनीति बना रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि भूमि मुआवजे का निर्धारण तीनों निबंधन कार्यालयों के सर्किल रेट के विस्तृत अध्ययन के आधार पर किया गया है।
किसानों द्वारा उत्तर प्रदेश की तुलना में कम मुआवजा मिलने के आरोप पर प्रशासन ने कहा कि भुगतान पूरी तरह नियमों के अनुरूप किया गया है।
एजेंसी के इंतजार में प्रशासन
डीएम की चेतावनी के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य अब किसी भी स्थिति में रुकने नहीं दिया जाएगा।
भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि निर्माण कार्य को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
भानपुर, सिसई व मिश्रौलिया समेत कई गांवों में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला जवानों और दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही निर्माण एजेंसी प्रशासन से समन्वय स्थापित करेगी, तत्काल सुरक्षा उपलब्ध करा दी जाएगी।
सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निर्माण को लेकर भानपुर, मिश्रौलिया, सिसई, रुद्रपुर और मलचौर गांवों में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
प्रशासन ने इन इलाकों में 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की है। चौकीदारों के साथ लाठी बल और महिला पुलिस बल को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।